मुनगा कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग ठगी में कंपनी डायरेक्टर इंदौर से गिरफ्तार: दो साल बाद बैतूल पुलिस के हाथ लगा; सैकड़ों किसानों से की थी धोखाधड़ी – Betul News

मुनगा कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग ठगी में कंपनी डायरेक्टर इंदौर से गिरफ्तार:  दो साल बाद बैतूल पुलिस के हाथ लगा; सैकड़ों किसानों से की थी धोखाधड़ी – Betul News




बैतूल में मुनगा (सहजन) की कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग के नाम पर किसानों से ठगी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को इस धोखाधड़ी के मुख्य आरोपी और इंदौर की एग्रो कंपनी के डायरेक्टर मयूर जोशी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया गया है। किसान पिछले कई वर्षों से इस ठगी से परेशान थे। यह मामला वर्ष 2017-18 का है, जब उद्यानिकी विभाग द्वारा आयोजित एक बैठक में लगभग 100 किसानों को मुनगा की खेती से जुड़ी एक योजना बताई गई थी। इसमें इंदौर की एक एग्रो कंपनी द्वारा पौधे उपलब्ध कराने और पांच साल तक उनकी पत्तियों व फल की खरीद का आश्वासन दिया गया था। किसानों को प्रति पौधा 20 रुपए देने की बात कही गई थी। इस योजना के तहत किसानों से 20-20 हजार रुपए कंपनी के खाते में जमा कराए गए। शुरुआत में कुछ किसानों को पौधे दिए गए, लेकिन बाद में अधिकांश किसानों के साथ धोखाधड़ी कर कंपनी से जुड़े लोग गायब हो गए। इसके बाद से किसान लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे थे। इंदौर से गिरफ्तार हुआ आरोपी
मामले में वर्ष 2024 में थाना कोतवाली में धारा 406 और 420 के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। जांच के दौरान पहले उद्यानिकी विभाग की तत्कालीन सहायक संचालक डॉ. आशा उपवंशी को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने अब इस प्रकरण के मुख्य आरोपी और कंपनी के डायरेक्टर मयूर जोशी को इंदौर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। कई किसानों ने शिकायत में बताया कि उन्हें लंबे समय तक झूठे आश्वासन दिए जाते रहे, जिससे वे आर्थिक रूप से काफी परेशान हो गए। इस पूरे मामले ने कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग के नाम पर चल रही योजनाओं की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी कृषि योजना या निवेश से पहले संबंधित कंपनी और उसकी शर्तों की अच्छी तरह जांच कर लें, ताकि भविष्य में इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।



Source link