सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में डकैती के बाद पुलिस ने बैंक सील कर दिया है। छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।
.
शुक्रवार को पांच बदमाश बैंक से 15 करोड़ का सोना और 20 लाख रुपए कैश ले गए थे। तीन बदमाशों के चेहरे भी सीसीटीवी में दिखाई दिए हैं।
दैनिक भास्कर ने बैंक में मौजूद चश्मदीदों से बात की। समझने की कोशिश की, कैसे बदमाशों ने 15 से 20 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम दिया। उस दौरान मौजूद ग्राहक दहशत में रहे।
इधर, प्रभारी मंत्री संपतिया उइके भी शनिवार दोपहर सिंगरौली पहुंचेंगी। डीजीपी कैलाश मकवाना के साथ मिलकर जिले के सभी अधिकारियों की बैठक लेंगी।
इसी बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार को डकैती हुई थी।
कट्टा दिखाया, मोबाइल जमीन पर रखवाए
बैढ़न में विंध्य नगर रोड पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र की ब्रांच है। यह व्यस्ततम इलाका है। आसपास बड़ी-बड़ी दुकानें, कपड़े और जूते की कंपनियों के शोरूम हैं। शुक्रवार दोपहर माहौल सामान्य था। बैंक में भी सात ग्राहक मौजूद थे। सभी अपने-अपने काम से आए थे।
विनोद कुमार भी डेबिट कार्ड लेने बैंक आए आए थे, क्योंकि बैंक की तरफ से लगातार कॉल आ रहे थे। विनोद ने बताया कि करीब 12 बजकर 50 मिनट हो रहा था। दो लोग अंदर आए। उन्होंने इधर–उधर कुछ देखा। दो मिनट बाद तीन लोग और अंदर आए। इनमें से एक ने हेलमेट पहन रखा था।
तीन लोगों के पास पिस्टल और बाकी दो के पास कट्टा था। सभी ने हथियार निकाले। धमकी देते हुए ग्राहक और कर्मचारियों पर कट्टा तान दिया। सभी से मोबाइल फोन एक जगह नीचे रखवा दिया। दो-तीन लोगों ने नहीं रखे तो हवाई फायर कर दिया।
डर के मारे उन्होंने भी फोन रख दिए। सभी ग्राहकों को दीवार किनारे सिर झुकाकर बैठा दिया। दोनों हाथ सिर पर रखने के लिए कहा। एक महिला ने बताया कि बदमाशों ने खांसने तक पर गोली मारने की धमकी दी। ऐसा लगा- जैसे आज तो जान गई।

तीन आरोपियाें के चेहर सीसीटीवी में नजर आए हैं।
एक बदमाश मेन गेट, दो लोग पिस्टल अड़ाकर खड़े थे
विनोद कुमार के मुताबिक, एक बदमाश मेन गेट पर खड़ा हो गया। दो लोग ग्राहकों के पास पिस्टल अड़ाकर बैठ गए। मैं भागने की फिराक में था तो मुझे पिस्टल से मारा।
चौथा बदमाश बैंक मैनेजर के चैंबर में गया। महिला मैनेजर की कनपटी पर कट्टा अड़ा दिया, जबकि पांचवां बदमाश कैशियर के पास पहुंचा।
उसने धमकी देकर कैशियर से पेटी में रखा कैश निकलवाया। फिर अपने पिट्ठू बैग से कपड़े का झोला निकाला। नोटों की गडि्डयां उसमें भर लीं।
चौथे बदमाश ने बैंक मैनेजर से लॉकर की चाभी मांगी। मैनेजर ने कहा कि कस्टमर के लॉकर हैं, उन्हीं के पास चाबी है। हम नहीं खोल पाएंगे।
बदमाश ने कहा कि तुम छत्तीसगढ़ की हो, तुम्हारा घर मुझे पता है। मैं तुम्हें वहीं आकर गोली मारूंगा। मुझे पता है, कौन सा लॉकर है। मुझे गोल्ड लोन वाले लॉकर की चाभी दो। वो तुम्हारे पास है। मैनेजर नहीं मानी तो उसे थप्पड़ मारा। कनपटी पर कट्टा अड़ाकर बोला कि देती हो या भेजा उड़ा दूं।

शुक्रवार रात को डीजीपी कैलाश मकवाना भी सिंगरौली पहुंचे।
पांच लॉकर से सोने के जेवर झोले में रखे
डर कर मैनेजर ने बदमाश को पांच चाबियों का गुच्छा दे दिया। ये चाबियां उन लॉकर्स की थीं, जिनमें गोल्ड लोन वाला सोना रखा था। बदमाश मैनेजर को पिस्टल की नोक पर स्ट्रॉन्ग रूम तक ले गए। स्ट्रॉन्ग रूम खुलवाया।
बदमाशों को लॉकर के बारे में पूरी जानकारी थी। एक पेटी में करीब ढाई किलो सोना था। आरोपियों ने पांचों लॉकर खोले। इधर, पांचवां शख्स कैश वाला झोला लेकर पहुंच गया। एक बदमाश लॉकर खोल रहा था तो दूसरा जेवरों को झोले में भर रहा था।
अन्य चश्मदीदों ने बताया कि गेट पर खड़ा शख्स आने वाले लोगों को अंदर तो जाने दे रहा था, लेकिन उन्हें मोबाइल रखवा कर दीवार से सटकर बिठा देता, जिससे वो शोर नहीं मचाएं। इस दौरान तीन लोग अंदर गए थे।
दो बाइक से भाग गए बदमाश
पांचों बदमाश दो अपाचे बाइक से आए थे। इनमें एक नीले रंग और दूसरी सफेद रंग की थी। हालांकि बाइक नंबर स्पष्ट नहीं दिख रहा है। वारदात के बाद एक बाइक पर तीन और दूसरी बाइक से दो बदमाश भाग गए।
बताया जाता है कि आरोपी छत्तीसगढ़ की तरफ मस्जिद तिराहा होते हुए बीजपुर रोड की तरफ भागे हैं। यह मार्ग छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले को जोड़ता है।
सिंगरौली पुलिस ने बलंगी थाने तक आरोपियों को ट्रैक किया है। पुलिस इसी रूट पर सीसीटीवी भी देख रही है। मस्जिद तिराहे पर भागते हुए एक बदमाश का कट्टा गिर गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर दिया। पता चला है कि आरोपियों ने मैनेजर से सीसीटीवी का डीवीआर निकलवा भी लिया था, लेकिन अफरा-तफरी में उसे ले जाना भूल गए।

बैंक के सामने दुकान पर लगे सीसीटीवी में तीनों बदमाश बाइक पर भागते नजर आए।
सभी लोग दुबले–पतले थे, एक के बाल बड़े
चश्मदीदों ने पुलिस को आरोपियों का हुलिया भी बताया है। इसके मुताबिक सभी आरोपी दुबले-पतले थे। एक के सिर पर बड़े बाल थे। आरोपी ने हेलमेट पहन रखा था, वह छोटे कद का था। यही शख्स सभी को इंस्ट्रक्शन दे रहा था। बाकी बदमाश उसी की बात मान रहे थे। सभी आरोपी आपस में बिहारी टोन में बात कर रहे थे।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कई दिन तक रेकी की है, क्योंकि वारदात के अंदाज से लग रहा है कि गोल्ड कहां रखा है। इसके बारे में उन्हें पता था। महिला मैनेजर के बारे में भी जानकारी ले ली थी।
अपने-अपने जेवर देखने पहुंचे लोग
वारदात का पता चलते ही बैंक के बाहर भीड़ लग गई। जिन लोगों ने सोना गिरवी रखकर लोन लिया था या सोना लॉकर में रखा था, उनकी आंखाें में आंसू और माथे पर चिंता की लकीरें थीं। ऐसी ही बुजुर्ग गायत्री तिवारी आंसू लेकर के बैंक के दरवाजे पर पहुंचीं। रुंधे हुए गले से कहा कि मेरा सब कुछ लुट गया। बहू, बेटी का सोना इसी बैंक में रखा था। अब क्या होगा।
इसी तरह सुनीता ने बताया कि दो साल पहले बैंक में लॉकर किराए पर लिया था। इसमें अपने जेवर रखे थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें समझाया कि लॉकर का कोई भी जेवर बदमाश नहीं ले गए हैं।
यह भी पढ़ें-
MP में बैंक ऑफ महाराष्ट्र में 15 करोड़ की डकैती
मध्य प्रदेश के सिंगरौली में दिनदहाड़े बैंक डकैती का मामला सामने आया है। यहां बैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में शुक्रवार दोपहर 5 हथियारबंद बदमाश घुसे। फायरिंग कर करीब 9-10 किलो सोना और 20 लाख कैश लेकर भाग गए। सोने की कीमत करीब 15 करोड़ आंकी गई है। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की है। पढ़ें पूरी खबर