Last Updated:
Bhopal News: मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पहली यात्रा करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास दिए. इस दौरान उन्होंने कहा कि ओरछा में भगवान श्रीराम का दिव्य मंदिर है. भगवान राम ओरछा में साक्षात विराजमान हैं, तो इसलिए वहां तक पुष्पक विमान तो जाना ही चाहिए.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने यात्रियों को बोर्डिंग पास दिए.
रिपोर्ट- शिवकांत आचार्य, भोपाल. मध्य प्रदेश में भगवान श्री राजाराम के धाम ओरछा के लिए हवाई सेवा शुरू हो गई है. आज (रविवार) से पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ हो गया है. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव स्टेट हैंगर पहुंचे और हवाई सेवा का शुभारंभ किया. इस दौरान सीएम ने यात्रियों को बोर्डिंग पास दिए. भोपाल से ओरछा का किराया 6500 रुपये रखा गया है. भोपाल से चंदेरी के लिए टिकट के दाम 5500 रुपये रखे गए हैं. चंदेरी से ओरछा के लिए किराया 2750 रुपये तय किया गया है. नए सेक्टर में उड़ानें हफ्ते में पांच दिन संचालित होंगी. इससे श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को काफी सुविधा मिलेगी.
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान पहली यात्रा करने वाले यात्रियों को बोर्डिंग पास दिए. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज बड़े सौभाग्य की बात है. आप सभी को बधाई. आज भगवान परशुराम की जयंती भी है. आप सभी को परशुराम जयंती की भी शुभकामनाएं. ओरछा में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम का दिव्य मंदिर है. भगवान राम साक्षात ओरछा में विराजमान हैं, तो इसलिए वहां तक पुष्पक विमान तो जाना ही चाहिए. हमारे राज्य के धार्मिक पर्यटन के लिए हवाई सेवा अच्छी रहेगी. इससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में कम समय लगेगा. इसके लिए वह टूरिस्ट कॉरपोरेशन को बधाई देते हैं.
मध्य प्रदेश ने ही शुरू की थी देश में पहली एंबुलेंस
उन्होंने आगे कहा कि देश में पहली एंबुलेंस भी मध्य प्रदेश ने ही शुरू की थी. प्रदेश चारों ओर से हवाई सेवा से युक्त हुआ है. हमारे राज्य के अंदर हेली सर्विसेज के आधार पर यह तीसरा सेक्टर है. आज नए सेक्टर यानी चंदेरी सेक्टर की शुरुआत हो रही है. उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि मध्य प्रदेश धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है. हवाई सेवा से घंटों का समय न सिर्फ मिनटों में बदलेगा बल्कि यात्रियों के लिए सुविधा भी बढ़ेगी. वह उम्मीद करेंगे कि यह सेवा लगातार इसी तरह बढ़ती रहे. हमने अलग-अलग तरह से जनता की सेवा करने का काम किया है. भोपाल से ओरछा और चंदेरी का किराया यात्रियों की सुविधा के लिए बेहद सुविधाजनक रखा गया है. आज मैहर की माताजी, चित्रकूट और ओरछा, हम सभी धार्मिक स्थलों से हवाई मार्ग से जुड़ रहे हैं. भविष्य में यह क्रम लगातार जारी रहेगा.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.