डॉक्टर ने शराब पीने से रोका, तो मरीज ने चलाई गोली; अस्पताल में अफरातफरी

डॉक्टर ने शराब पीने से रोका, तो मरीज ने चलाई गोली; अस्पताल में अफरातफरी


Last Updated:

Satna News: डॉक्टर दीपक पांडेय मरीज शिवम द्विवेदी के बेड पर पहुंचे और उसे शराब पीने से रोका. वह डॉक्टर की चेतावनी से नाराज हो गया. जिसके बाद शिवम डॉक्टर और वार्ड बॉय के साथ बदसलूकी करने लगा. जब डॉक्टर दीपक वहां से जाने लगे, तो शिवम बाहर पहुंचा. उसने अपनी बाइक स्टार्ट की और देसी कट्टे से फायर कर दिया.

Zoom

गोली चलने से अस्पताल में अफरातफरी मच गई. (सांकेतिक तस्वीर)

सतना. मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक मरीज अस्पताल में भर्ती था. वह अस्पताल में ही शराब पीने लगा. डॉक्टर ने उसे रोका, तो मरीज ने गोली चला दी और मौके से फरार हो गया. गोलीबारी में डॉक्टर बाल-बाल बच गए. पुलिस में शिकायत दी गई है. फरार आरोपी की तलाश जारी है. मिली जानकारी के अनुसार, मामला उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है. आरोपी का नाम शिवम द्विवेदी (23) है. वह कोठी रमपुरवा थाना उचेहरा का रहने वाला है. शिवम को तीन दिन पहले कमजोरी की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया था. शुक्रवार देर रात वार्ड स्टाफ ने उसे बिस्तर पर शराब पीते हुए देखा. स्टाफ ने फौरन इसकी सूचना ड्यूटी डॉक्टर दीपक पांडेय को दी.

डॉ दीपक पांडेय शिवम के बेड पर पहुंचे और उसे शराब पीने से मना किया. वह डॉक्टर की चेतावनी से नाराज हो गया. जिसके बाद वह डॉ दीपक और वार्ड बॉय के साथ गाली-गलौज करने लगा. जब डॉक्टर वहां से जाने लगे, तो शिवम बाहर पहुंचा और उसने अपनी बाइक स्टार्ट की और तमंचे से फायर कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस फायरिंग में डॉ दीपक पांडेय बाल-बाल बचे. शिवम मौके से फरार हो गया. घटना से अस्पताल में अफरातफरी मच गई.

रात को घर चले जाता था आरोपी
डॉक्टर दीपक ने फौरन डायल 112 पर घटना की सूचना दी. रात में ही बीएमओ डॉ एके राय को भी सूचित किया गया. डॉक्टर राय ने बताया कि आरोपी शिवम द्विवेदी को तीन दिन पहले अस्पताल में भर्ती किया गया था लेकिन वह बोतल चढ़वाने के बाद रात को घर चला जाता था. शुक्रवार रात शिवम अस्पताल आया और वार्ड में पहुंचा, जहां बोतल चढ़वाने के बाद वह बेड पर बैठकर शराब पीने लगा. अस्पताल स्टाफ ने रोका, तो उसने गोली चला दी.

अस्पताल स्टाफ से शिकायत मिलने पर उचेहरा के टीआई सतीश मिश्रा ने कहा कि पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है. आरोपी शिवम द्विवेदी की तलाश की जा रही है. उसे जल्द पकड़ लिया जाएगा.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link