महिला आरक्षण: सांसद वीडी शर्मा बोले- ये मातृशक्ति का अपमान, कांग्रेस के खून में अंग्रेजों का जीन्स
महिला आरक्षण: सांसद वीडी शर्मा बोले- ये मातृशक्ति का अपमान, कांग्रेस के खून में अंग्रेजों का जीन्स
रिपोर्ट- गणेश विश्वकर्मा, पन्ना. महिला आरक्षण को लेकर देश की राजनीति अब गरमाती जा रही है. भाजपा सरकार द्वारा नारी शक्ति अधिनियम बिल पेश किए जाने के बाद पूर्ण बहुमत न मिलने पर अब भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर हमला तेज कर दिया है. मध्य प्रदेश के पन्ना में खजुराहो से सांसद वीडी शर्मा और विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कांग्रेस सहित विपक्षी दलों पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाया और इसे मातृशक्ति का अपमान बताया. उन्होंने कांग्रेस पर अंग्रेजी मानसिकता से चलने का आरोप लगाया. सांसद वीडी शर्मा ने कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करना यह दर्शाता है कि विपक्ष महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है. कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों ने देश के साथ, नारी शक्ति, मातृशक्ति के साथ धोखा किया है. उन्होंने इसे मातृशक्ति का अपमान बताया और कहा कि देश की महिलाएं इसका जवाब देंगी. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंग्रेजी मानसिकता से चल रही है. उनके खून में अंग्रेजों के जीन्स हैं. देश में दक्षिण-उत्तर का भेद पैदा करना कांग्रेस की दोहरी मानसिकता को दर्शाता है, जो इस देश का दुर्भाग्य है.