Last Updated:
Singrauli Bank Loot: सिंगरौली के बैंक ऑफ महाराष्ट्र में हुई डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुख्य आरोपी कमलेश कुमार को 8 दिन की रिमांड पर लिया गया है, जिसके पास से 15.22 लाख रुपये और सोना बरामद हुआ है. पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने फरार चल रहे चार अन्य आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर उनकी तस्वीरें जारी की हैं. बिहार और झारखंड में पुलिस की 10 विशेष टीमें छापेमारी कर रही हैं.
पुलिस गिरफ्त में बैंक लूट का मुख्य आरोपी.
Singrauli News: सिंगरौली में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की वैढ़न शाखा में हुई डकैती के बाद पुलिस अब एक्शन मोड में है. पुलिस ने बिहार से पकड़े गए आरोपी कमलेश कुमार को सिंगरौली कोर्ट में पेश किया है. यहां से उसे 8 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. कमलेश को बिहार RPF ने डेहरी ऑन सोन स्टेशन से दबोचा था. गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से 15.22 लाख नकद और लूटा सोना मिला था, जिसे वह अपने हिस्से के तौर पर लेकर भाग रहा था.
5 हथियारबंद बदमाशों ने दिया था अंजाम
पकड़े गए आरोपी कमलेश कुमार ने कबूल किया कि उसने अपने 4 अन्य हथियारबंद साथियों के साथ मिलकर इस बड़ी डकैती को अंजाम दिया था. वारदात के बाद गिरोह के सदस्य अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए थे, जिनमें से कमलेश लूट का बड़ा हिस्सा लेकर बिहार की ओर निकल गया था.
फरार डकैतों पर 50-50 हजार का इनाम
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री ने बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने डकैती में शामिल चार अन्य फरार आरोपियों की तस्वीरें जारी की हैं और प्रत्येक पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया है. इन फरार आरोपियों में बिहार का छोटू, नालंदा का फंटूस उर्फ ननकू, गिरिडीह का राजेश कुमार और पश्चिमी सिंहभूम का एक अन्य डकैत शामिल है.
10 टीमें कर रहीं छापेमारी
एसपी मनीष खत्री ने बताया कि फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 विशेष टीमें बनाई गई हैं. ये टीमें झारखंड और बिहार के अलग-अलग जिलों में लगातार छापेमारी कर रही हैं. पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान कमलेश से कड़ी पूछताछ होगी, जिससे गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
पुलिस की यह कार्रवाई न केवल डकैतों को पकड़ने के लिए है, बल्कि वारदात में इस्तेमाल हुए अवैध हथियारों की बरामदगी के लिए भी जरूरी है. एसपी ने भरोसा जताया कि पुलिस की पुख्ता घेराबंदी के कारण जल्द ही सभी अपराधी पकड़े जाएंगे और केस की कड़ियां जुड़ जाएंगी.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें