Last Updated:
Bhopal News: मध्य प्रदेश के भोपाल में महिला आरक्षण को लेकर सियासत तेज हो गई है. बीजेपी ने पोस्टर वार शुरू करते हुए विपक्षी नेताओं पर महिला आरक्षण का विरोध करने का आरोप लगाया है, जिससे विवाद बढ़ गया है.
Women Reservation Poster War Bhopal: भोपाल में महिला आरक्षण को लेकर राजनीति तेज हो गई है. अब यह मुद्दा सिर्फ सदन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सड़कों पर भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है. राजधानी में महिला आरक्षण को लेकर पोस्टर वॉर शुरू हो गया है, जिसने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है. बीजेपी की ओर से महिला आरक्षण के समर्थन में पोस्टर लगाए गए हैं. ये पोस्टर बीजेपी दफ्तर के बाहर लगाए गए, जिनमें विपक्षी नेताओं पर निशाना साधा गया है. पोस्टर में विपक्ष के प्रमुख नेताओं को ‘परजीवी’ बताया गया है और उन पर महिलाओं के आरक्षण को रोकने या उसमें बाधा डालने का आरोप लगाया गया है.
कई नेताओं पर निशाना साधा
इन पोस्टरों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीरें लगाई गई हैं. इनके साथ यह संदेश दिया गया है कि ये नेता महिला आरक्षण के विरोधी हैं या इसे लागू करने में बाधा बन रहे हैं.
आरक्षण को लेकर विपक्ष का रवैया साफ नहीं
यह पोस्टर बीजेपी के मीडिया विभाग के सह प्रभारी अंशुल तिवारी द्वारा लगाए गए हैं. उनका कहना है कि महिला आरक्षण को लेकर विपक्ष का रवैया साफ नहीं है और जनता को सच्चाई बताने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है. दूसरी ओर, विपक्ष इस तरह के पोस्टरों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का हिस्सा बता रहा है. उनका कहना है कि बीजेपी इस मुद्दे पर सिर्फ राजनीति कर रही है और असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.
महिला आरक्षण का मुद्दा लंबे समय से राजनीति में चर्चा का विषय रहा है. ऐसे में भोपाल में शुरू हुआ यह पोस्टर वॉर आने वाले समय में और भी तेज हो सकता है. महिला आरक्षण को लेकर अब सियासत नई दिशा में बढ़ती दिख रही है, जहां बयानबाजी के साथ-साथ पोस्टर के जरिए भी एक-दूसरे पर निशाना साधा जा रहा है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें