धार शहर के गढ़ कालिका माता मंदिर मार्ग पर एक नई शराब दुकान को लेकर विवाद गहरा गया है। क्षेत्रीय महिलाओं ने दुकान हटाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा है, जबकि भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज देवड़ा ने आरोपों को निराधार बताया है। सोमवार को साईं धाम कॉलोनी और कालिका मार्ग की रहवासी महिलाएं जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीती महेश्वरी को ज्ञापन सौंपकर शराब दुकान हटाने की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि यह दुकान भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज देवड़ा के निजी प्लॉट पर चल रही है। महिलाओं ने बताया कि यह क्षेत्र धार्मिक और रिहायशी दृष्टि से संवेदनशील है, जहां प्राचीन गढ़ कालिका माता मंदिर, आश्रम, मुक्तिधाम और कई कॉलोनियां स्थित हैं। दुकान खुलने के बाद से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया है, जिससे देर शाम आवाजाही में परेशानी होती है और महिलाएं अकेले निकलने में असहज महसूस करती हैं। उन्होंने पहले आबकारी विभाग, स्थानीय विधायक और जनसुनवाई में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा नेता ने आरोपों को नकारा
वहीं, भाजपा मंडल अध्यक्ष जयराज देवड़ा ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि यह विवाद आपसी कारणों से खड़ा किया जा रहा है और उन पर बेवजह आरोप लगाए जा रहे हैं। देवड़ा ने स्पष्ट किया कि जिस जमीन पर दुकान संचालित है, वह लगभग एक बीघा क्षेत्र में फैली हुई है और शराब दुकान मुख्य मार्ग से काफी अंदर है, जिससे आमजन को कोई असुविधा नहीं होती। देवड़ा के अनुसार, दुकान का संचालन आबकारी विभाग की सभी निर्धारित गाइडलाइन के तहत किया जा रहा है और विभाग ने स्थल निरीक्षण के बाद ही अनुमति दी है। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र में कोई वास्तविक समस्या नहीं है और कुछ लोग निजी कारणों से इस मुद्दे को तूल दे रहे हैं।
Source link