बुंदेलखंड के इस आम का विदेशों तक दबदबा, कीमत जान रह जाएंगे दंग

बुंदेलखंड के इस आम का विदेशों तक दबदबा, कीमत जान रह जाएंगे दंग


Last Updated:

Kesar Mango Sagar News: आकाश चौरसिया ने लोकल 18 से कहा कि दो साल पहले जब केसर आम उगा था, तो हमने उसे डिमांड पर दुबई, सिंगापुर समेत तीन देशों में भेजा था. इस बार फिर दो-तीन देशों से पहले ही आम को लेकर ऑर्डर मिल चुका है.

सागर. गर्मी का सीजन शुरू होते ही फलों के राजा आम की बहार आ गई है. धीरे-धीरे फल की डिमांड बढ़ने से मार्केट में आवक भी बढ़ती जा रही है. हालांकि मध्य प्रदेश के सागर में अभी दूसरे राज्यों से ही आम पहुंच रहा है. आज हम बुंदेलखंड में उगाए जाने वाले केसर आम की बात करेंगे, जिसे एक बार खाने के बाद हर कोई इसका दीवाना हो जाता है. केसर आम को अभी बाजार में आने में लगभग दो हफ्ते का समय और लग सकता है. ऐसे में आम के दीवानों को बेसब्री से केसर का इंतजार है. सागर के किसान आकाश चौरसिया ने अपने 16 एकड़ खेत की मेड़ पर अलग-अलग किस्मों के लगभग 400 आम के पेड़ लगाए हैं. इन्हीं में से एक केसर वैरायटी भी है, जिसके 10 पेड़ लगाए गए हैं. यह प्रजाति भी सामान्य आम की तरह एक साल छोड़कर फल देती है लेकिन जिस साल भी इसमें फल लगते हैं, यह पिछले साल और वर्तमान साल दोनों की कमाई की पूर्ति कर देती है. दरअसल केसर आम की कीमत 200 रुपये से लेकर 400 रुपये किलो तक होती है.

केसर वैरायटी का आम 300 से 400 ग्राम तक का होता है. साइज में बड़ा होने के साथ-साथ यह काफी स्वादिष्ट भी होता है. यह अपने लाजवाब स्वाद की वजह से ही मुंह मांगी कीमत पर बिकता है. आकाश चौरसिया बताते हैं कि हमारे पास दो साल पहले जब केसर आम उगा था, तो हमने उसे ऑन डिमांड दुबई, सिंगापुर सहित तीन देशों में भेजा था. इस बार फिर दो-तीन देशों से दो महीने पहले ही आम को लेकर ऑर्डर आ चुका है. इसके अलावा इंदौर, मुंबई, दिल्ली जैसे बड़े शहरों में भी इसकी काफी डिमांड होती है. जो भी एक बार बुंदेलखंड के केसरिया को खा लेता है, वह इसका दीवाना हो जाता है और फिर बार-बार इसी आम को मांगता है. वह पिछले 15 साल में केसर आम के पेड़ों से 7 बार फसल ले चुके हैं.

15-20 दिन में मार्केट में आ जाएगा केसर आम
वह आगे बताते हैं कि बुंदेलखंड में आम की फसल थोड़ी पीछे ही चलती है लेकिन यह पर्याप्त समय लेने की वजह से साइज में बड़ा, वजनदार और स्वादिष्ट होता है. इन सभी में केसर आम सबसे पहले पककर तैयार होता है. आने वाले 15 से 20 दिन में यह मैच्योर होने लगेगा. इसके बाद केसर आम खेतों से बाजार तक आ जाएगा.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link