सड़क किनारे चल रहा अघोषित अहाता: रीवा के निपनिया में शराब दुकान के बाहर खुलेआम पी रहे लोग; राहगीर परेशान – Rewa News

सड़क किनारे चल रहा अघोषित अहाता:  रीवा के निपनिया में शराब दुकान के बाहर खुलेआम पी रहे लोग; राहगीर परेशान – Rewa News




मध्य प्रदेश में अहाते बंद होने के नियम के बावजूद रीवा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित निपनिया इलाके में अंग्रेजी शराब दुकान के पास खुलेआम अहाता संचालित हो रहा है। लोग सड़क किनारे दोपहिया वाहन खड़े कर शराब पी रहे हैं, जिससे घनी आबादी वाले इस इलाके से गुजरने वाली महिलाओं और बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में मामले की जानकारी सामने आने के बाद आबकारी अधिकारी ने जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है, वहीं पुलिस प्रशासन अब तक पूरे मामले से बेखबर है। सड़क किनारे वाहनों पर छलका रहे जाम, उड़ रहीं नियमों की धज्जियां स्थानीय लोगों के अनुसार, निपनिया स्थित अंग्रेजी शराब दुकान के बगल और ठीक सामने सड़क किनारे लोग अपने दोपहिया वाहन खड़े कर खुलेआम शराब पी रहे हैं। दिनभर यहां शराब पीने वालों की भीड़ लगी रहती है, जिससे पूरे इलाके का माहौल खराब हो रहा है। मध्य प्रदेश शासन द्वारा प्रदेशभर में शराब दुकानों के अहाते बंद किए जा चुके हैं, लेकिन यहां नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले से पुलिस प्रशासन अब तक बेखबर नजर आया है। घनी आबादी वाला है इलाका, महिलाओं-बच्चों का निकलना हुआ मुश्किल निपनिया का यह इलाका घनी आबादी वाला है। शराब दुकान के सामने वाली इसी सड़क से रोजाना बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे गुजरते हैं। सड़क किनारे खुलेआम शराबखोरी होने से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। स्थानीय रहवासियों ने आशंका जताई है कि यहां दिनभर सुरा प्रेमियों का जमावड़ा रहता है, यदि जल्द ही इस पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो कभी भी कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। अधिवक्ता बोले- गलियां बनीं अघोषित अहाता, अधिकारी ने कहा- जांच करेंगे इस मामले को लेकर अधिवक्ता बीके माला ने कहा, “आबकारी विभाग अपनी आंखों पर पट्टी बांधे हुए है। शहर की गलियां अब अघोषित अहाता बन चुकी हैं।” वहीं, खुलेआम चल रहे इस अहाते की शिकायत पर आबकारी अधिकारी ने कहा, “हमें मामले की जानकारी मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”



Source link