कौन है वह आईपीएस, जिसे भाजपा MLA ने दी धमकी, बोले-‘घर में गोबर भरवा दूंगा’

कौन है वह आईपीएस, जिसे भाजपा MLA ने दी धमकी, बोले-‘घर में गोबर भरवा दूंगा’


Last Updated:

IPS-MLA Controversy, IPS Story: मध्‍य प्रदेश में एक भाजपा विधायक और आईपीएस अधिकारी में ठन गई है. विधायक ने इस आईपीएस अधिकारी को धमकी दी है कि वह अपनी कार्रवाई पर माफी मांगे नहीं तो वह अपने 10 हजार समर्थकों के साथ आईपीएस के घर में गोबर भर देंगे. जिसके बाद इस मामले में आईपीएस के समर्थन में आईपीएस एसोसिएशन भी उतर आया है. आइए जानते हैं कि ये आईपीएस अधिकारी कौन हैं?

ख़बरें फटाफट

Zoom

MLA IPS Vivad, who is ips ayush jakhar, sdop vs bjp mla, mla pritam lodhi controversy: एमएलए और आईपीएस के बीच विवाद.

IPS-MLA Controversy, IPS Story: मध्य प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी और दबाव की सियासत सुर्खियों में है. शिवपुरी जिले से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक आईपीएस अधिकारी को खुलेआम धमकी देते नजर आ रहे हैं. विधायक का कहना है कि अगर पांच दिन के भीतर उनसे माफी नहीं मांगी गई तो वह दस हजार लोगों के साथ अधिकारी के घर पहुंचकर घर में गोबर भरवा देंगे. इस बयान के बाद न सिर्फ प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है बल्कि राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है.अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि वह आईपीएस अधिकारी कौन हैं जिन पर विधायक इस कदर नाराज हैं? आखिर ऐसा क्या हुआ कि मामला धमकी तक पहुंच गया?

कौन हैं IPS आयुष जाखड़, जिन पर विधायक भड़के?

जिन आईपीएस अधिकारी को भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने धमकी दी है उनका नाम आयुष जाखड़ है. वह 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं और इस समय मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी के पद पर तैनात हैं. प्रशासनिक गलियारों में उनकी पहचान एक सख्त, नियमों के मुताबिक काम करने वाले अधिकारी के रूप में होती है जो किसी भी तरह के राजनीतिक दबाव में आए बिना कार्रवाई करने के लिए जाने जाते हैं.

MBBS करने के बाद चुनी UPSC की राह

आयुष जाखड़ मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर के रहने वाले हैं. उनके पिता दिलीप जाखड़ खुद सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं ऐसे में अनुशासन और प्रशासनिक सेवा का माहौल उन्हें घर से ही मिला. आयुष शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं. उन्होंने राजस्थान की स्टेट पीएमटी परीक्षा में टॉप किया था. पहले उनका चयन SMS मेडिकल कॉलेज जयपुर में हुआ लेकिन कुछ ही दिनों बाद एम्स जोधपुर में भी उनका चयन हो गया.एम्स जोधपुर से उन्होंने एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की. डॉक्टर बनने के बावजूद उनका झुकाव सिविल सेवा की ओर था. एमबीबीएस के बाद साल 2018 में वह दिल्ली चले गए और यूपीएससी की तैयारी शुरू की. कड़ी मेहनत और अनुशासित दिनचर्या के बाद उन्होंने 2022 में यूपीएससी परीक्षा पास कर आईपीएस बनने का सपना पूरा किया.

कहां कहां रही तैनाती

यूपीएससी पास करने के बाद आयुष जाखड़ को मध्य प्रदेश कैडर मिला. अपनी सेवा के दौरान वह धार में एएसपी रहे.गुना में चर्चित कैश कांड की जांच का हिस्सा बने और अब शिवपुरी जिले के करैरा में एसडीओपी के रूप में तैनात हैं. उनकी छवि एक ऐसे अधिकारी की है जो कानून से ऊपर किसी को नहीं मानते और कार्रवाई करने में हिचकिचाते नहीं हैं.यही कारण है कि आईपीएस आयुष जाखड़ को विधायक की ओर से दी जा रही धमकी के बीच आईपीएस एसोसिएशन मध्‍य प्रदेश की ओर से इस संबंध में लेटर जारी किया गया है जिसमें विधायक के बयान और टिप्‍पणियों की निंदा की गई है इस संबंध में कार्रवाई की मांग की गई है.एसोसिएशन के अध्‍यक्ष एडीजी चंचल शेखर की ओर से यह लेटर जारी किया गया है.

MLA IPS Vivad, who is ips ayush jakhar, sdop vs bjp mla, mla pritam lodhi controversy: आईपीएस एसोसिएशन ने जारी किया लेटर.

पत्नी भी हैं IPS अधिकारी

आयुष जाखड़ की पत्नी अनु बेनीवाल भी आईपीएस अधिकारी हैं. खास बात यह है कि दोनों ने एक ही साल यानी 2022 में यूपीएससी परीक्षा पास की थी. अनु बेनीवाल भी मध्य प्रदेश कैडर की अधिकारी हैं और फिलहाल ग्वालियर में एएसपी के पद पर तैनात हैं. दोनों की शादी 27 नवंबर 2023 को हुई थी. प्रशासनिक हलकों में यह दंपती अपनी सख्त कार्यशैली के लिए जाना जाता है.

कहां से शुरू हुआ पूरा विवाद?

पूरा मामला 16 अप्रैल को शिवपुरी जिले के करैरा में हुए एक सड़क हादसे से जुड़ा है. इस हादसे में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी की थार गाड़ी ने सड़क पर चल रहे पांच लोगों को टक्कर मार दी थी. हादसा इतना गंभीर था कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.हादसे के बाद एसडीओपी आयुष जाखड़ ने मामले को गंभीरता से लिया और विधायक के बेटे के खिलाफ केस दर्ज किया. इसके बाद पूछताछ के लिए उसे थाने तलब किया गया. बताया जा रहा है कि एसडीओपी ने सख्त लहजे में कहा था कि वह करैरा में इस तरह का रौब न दिखाए. यही बात विधायक को नागवार गुजरी और इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया.

थाने में भी दिखाया रुतबा

जब विधायक का बेटा थाने पहुंचा तो वह उसी थार गाड़ी में आया जिस पर काली फिल्म लगी थी और अवैध हूटर भी लगा हुआ था. ये दोनों ही चीजें कानूनन प्रतिबंधित हैं. पुलिस ने इस पर भी कार्रवाई करते हुए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान किया और ड्राइविंग लाइसेंस निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी.

धमकी तक कैसे पहुंची बात?

पुलिस की इस सख्ती से नाराज होकर विधायक प्रीतम लोधी खुलकर सामने आ गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वह एसडीओपी को सीधे धमकी देते नजर आए. उन्होंने कहा कि अगर पांच दिन में माफी नहीं मांगी गई तो वह दस हजार लोगों के साथ अधिकारी के घर पहुंच जाएंगे और घर में गोबर भरवा देंगे. इतना ही नहीं विधायक ने यह भी कहा कि उनका हाथ पहले ढाई किलो का था अब ढाई सौ किलो का हो गया है और उन्होंने पुलिस को पंद्रह दिन की खुली चुनौती तक दे डाली.विवाद को और बढ़ाते हुए विधायक ने सवाल उठाया कि पुलिस को दिल्ली से कौन निर्देश दे रहा है. उन्होंने कई नेताओं तक का नाम ले लिया.इससे पहले भी विधायक का एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें उन्होंने कहा था कि एसडीओपी कहता है कि यहां दिख मत जाना. मैं उससे पूछना चाहता हूं कि क्या करैरा तेरे डैडी का है? मेरा बेटा करैरा आएगा भी और चुनाव भी लड़ेगा.तेरे डैडी में दम हो तो रोक लेना.इसके बाद मामला सिर्फ स्थानीय विवाद नहीं रह गया, बल्कि राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया.विधायक के इस धमकी भरे बयान पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस नेताओं का कहना है कि जब एक आईपीएस अधिकारी ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा पर सवाल उठना लाजिमी है. पार्टी ने विधायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है.पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कानून के अनुसार की जा रही है। गाड़ी पर काली फिल्म और अवैध हूटर मिलने पर कार्रवाई की गई है. पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है और जांच जारी है.

About the Author

Dhiraj Raiअसिस्टेंट एडिटर

न्यूज़18 हिंदी (Network 18) डिजिटल में असिस्टेंट एडिटर के तौर पर कार्यरत. न्‍यूज 18 में एजुकेशन, करियर, सक्‍सेस स्‍टोरी की खबरों पर. करीब 15 साल से अधिक मीडिया में सक्रिय. हिन्दुस्तान, दैनिक भास्कर के प्रिंट व …और पढ़ें



Source link