बड़वानी में खरगोन-बड़वानी रोड पर जुलवानिया टोल प्लाजा के पास एक तेज रफ्तार टैंकर ने एक कार को टक्कर मार दी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। वहीं 3 लोग घायल हैं। सभी मृतक और घायल राजपुर क्षेत्र में आई एक बारात में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। मृतकों की पहचान सचिन गोकूल वास्कले (25) निवासी पटेलपुरा साकड़, प्रदुम्य पिता गुलीचंद सहते (25) निवासी सालखेड़ा, पप्पू पिता हिरालाल (29) निवासी लिम्बई और आकाश पिता दयाराम (25) निवासी रालामंडल के रूप में हुई है। हादसे में सुरेश मांगीलाल (28) निवासी देवझिरी, सोहन झाबर (28) निवासी सालखेड़ा और यशवन्त सुपड़िया (30) निवासी जलगौन) घायल हुए हैं। डीजल लेने के लिए जुलवानिया गए थे युवक जानकारी के अनुसार, जलगौन से बारात राजपुर आई हुई थी। बारात में शामिल एक फोर व्हीलर वाहन का डीजल खत्म हो गया था। वाहन में सवार युवक डीजल लेने के लिए जुलवानिया गए थे। डीजल लेकर वापस राजपुर की ओर लौटते समय जुलवानिया टोल प्लाजा के पास खरगोन की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जुलवानिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सभी चार घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जुलवानिया ले जाया गया। तीन घायल गंभीर हालत में बड़वानी जिला अस्पताल रेफर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला चिकित्सालय बड़वानी रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। थाना प्रभारी जुलवानिया ने बताया कि हादसे के बाद टैंकर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने टैंकर जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया गया है।
Source link