बाप-बेटे ने जो सामने आया उसे तलवार से काटा: दूल्हे के मामा को मार डाला, कॉन्स्टेबल को 9 बार चाकू मारे; महिलाएं बोलीं-खून के प्यासे थे दोनों – narmadapuram (hoshangabad) News

बाप-बेटे ने जो सामने आया उसे तलवार से काटा:  दूल्हे के मामा को मार डाला, कॉन्स्टेबल को 9 बार चाकू मारे; महिलाएं बोलीं-खून के प्यासे थे दोनों – narmadapuram (hoshangabad) News




विवाद न बढ़े, इसलिए पुरुषों को कमरे में बंद किया। अमर सिंह बेटे के साथ तलवार और चाकू लेकर आया। बाहर खड़ी क्षमा को चाकू मारा, जिससे महिलांए चीखीं। चीखें सुनकर कमरे में बंद पुरुष खिड़की तोड़कर बाहर निकले। अमर और लोकेश के सामने जो आया, उन्होंने उन पर वार किया। यह कहना है, दूल्हे की बुआ शारदा बाई कीर का। नर्मदापुरम जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र (ग्राम नाहरकोला) में रविवार रात शादी समारोह में बाप-बेटे ने चाकूबाजी की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, आरक्षक समेत 6 लोग घायल हुए। आरोपियों ने आरक्षक पर 9 बार चाकू से वार किया। खाना खाने की बात पर विवाद, चाकू-तलवार से हमला पुलिस के मुताबिक, सोमवार को सीताराम के 21 साल के बेटे भगवान कीर की बारात जानी थी। रविवार रात घर पर मंडप का खाना चल रहा था। गांव के ही रहने वाले रिश्तेदार अमर सिंह कीर को भी परिवार ने खाना खाने को कहा। उसे यह बात इतनी बुरी लगी कि अपने बेटे लोकेश के साथ चाकू और तलवार से हमला कर दिया। हमले में घायल जय नारायण और हरि नारायण कीर की हालत नाजुक है। उनका नर्मदापुरम के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरक्षक को नर्मदापुरम से भोपाल रेफर किया गया है। आरोपी अमर सिंह कीर को हिरासत में ले लिया गया। बेटा लोकेश अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पीड़ित और आरोपी परिवार का घर आना-जाना बंद था शादी में आए गोविंद कीर ने बताया कि अमर सिंह कीर पीड़ित परिवार राम नारायण कीर का रिश्तेदार है। 5 साल पहले एक विवाद के बाद दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर आना-जाना बंद हो गया था। मंडप का कार्यक्रम होने के कारण मैं, दौलत, जय नारायण और हरिनारायण के साथ बाहर बैठे हुए थे, तभी अमर सिंह बेटे लोकेश को खोजते हुए वहां आ गया। पहले उसने बेटे लोकेश के बारे में पूछा। हमने कहा- यहां तो नहीं आया है। इस पर वह पास में रखी एक खाली कुर्सी में बैठ गया। उसने बहुत ज्यादा पी रखी थी। वजनदारी दिखाते बोला- मेरी थाने में पहचान है। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। वह जबरन उकसाने वाली बातें कर रहा था। हरिनारायण ने उसे रोकते हुए कहा- काका आप ऐसी बातें क्यों कर रहे हो, लेकिन वो चुप नहीं हुआ। जय नारायण ने बात को बदलने की कोशिश करते हुए कहा- “तुम ठीक तरह से यहां खड़े रहो और खाना खा लो’। यह सुनते ही अमर सिंह भड़क गया। बोला- ‘मैं क्या खाने का भूखा हूं’। इस दौरान अमर सिंह विवाद करने लगा। इस पर जैसे-तैसे परिवार के लोगों ने उसे शांत किया और घर भेज दिया। सब शादी की तैयारी में जुट गए। इसी बीच अमर सिंह, बेटे लोकेश के साथ हथियार लेकर फिर से आ गया। वह काफी गुस्से में था और आते ही गालियां देने लगा। बुआ बोली- विवाद टालने की बहुत कोशिश की बुआ शारदा बाई कीर का कहना है कि हमने विवाद टालने की बहुत कोशिश की। अमर सिंह ने खूब शराब पी रखी थी, उसके सिर पर खून सवार था। शादी वाला घर होने से मेहमान बहुत सारे थे। झगड़ा, विवाद होता तो अशांति होती। विवाद न हो, इसलिए हमने घर के पुरुषों को एक कमरे में भेज दिया। बाहर से दरवाजा लगा दिया। यह देखकर अमर सिंह भी वहां से चला गया। कुछ देर बाद बेटे के साथ आया, उनके दोनों हाथों में चाकू, तलवार थी। उन्होंने परिवार की महिला क्षमा को चाकू मारा। यह देख सभी महिलाएं डर गईं, सभी चीखने, चिल्लाने लगीं। यह सुनकर कमरे का दरवाजा बाहर से बंद होने से पुरुषों एक एक करके खिड़की तोड़कर बाहर आएं। आरोपी लोकेश, उसका बाप अमर दोनों हाथों में रखे हथियार से जो सामने आया, उस पर हमला करते रहे। खिड़की तोड़कर बाहर आते ही अमर और उसके बेटे ने राम नारायण, जय नारायण, हरि नारायण, रोहित और दौलत पर एक-एक कर हमला किया। बाप-बेटे फिल्मी स्टाइल में चाकू, तलवार मारते रहे। शादी में आएं गोविंद कीर (आरोपी के मामा) उसे समझाने गया तो लोकेश ने अपने मामा के ऊपर भी हमला किया, हालांकि मामा को मार नहीं पाया। सबसे पहले मुझ पर चाकू से वार किया, मेरे भाई को मार डाला घायल क्षमा ने बताया कि शादी वाला घर होने से डीजे बज रहा था। हमारे घरवाले आगे आए तो हमने कहा- तुम लोग यहां से जाओ, हम उन्हें शांत करवाते हैं। हमने कहा-चाचाजी आप गाली क्यों दे रहे हो। ऐसा मत करो। जैसे-तैसे हमने उन्हें वहां से भेज दिया। अमर अपने बेटे लोकेश को लेकर आ गया। मैं अकेले बाहर खड़ी थी। लोकेश रिश्ते में मेरा देवर लगता है। मैंने कहा- लोकेश भैया शांत रहो। भाई-भाई हैं, सब बैठकर समझा दो। उसने सीधे मुझ पर चाकू से हमला कर दिया। चीखें सुनकर एक-एक कर पूरा परिवार बाहर आ गया। पहला चाकू मुझे मारा। दूसरा मेरे देवर हरि नारायण, तीसरा मेरे पति जय नारायण, चौथा मेरे भाई दौलत सिंह और पांचवां रोहित को मारा।
दूल्हे के मामा की मौत, चाचा-चाची घायल परिवार के अनुसार- आरोपी लोकेश और अमर सिंह ने जिन्हें घायल किया और हत्या की, वे सभी शादी में शामिल होने आए थे। मृतक दौलतराम कीर जय नारायण कीर का साला था। रिश्ते में वह दूल्हे भगवान का मामा था। वहीं, राम नारायण, जय नारायण, हरिनारायण कीर, रोहित कीर, क्षमा बाई, रिश्ते में दूल्हे भगवान के चाचा-चाची लगते हैं। आरोपी ने बचने के लिए आरक्षक पर चाकू से 9 वार किए जिस पुलिसकर्मी ओम प्रकाश जाट पर हमला हुआ, वह थाने में डीएसपी डिस्ट्रिक्ट स्पेशल ब्रांच (जिला विशेष शाखा) का आरक्षक है। डीएसबी में सिविल ड्रेस में ही ड्यूटी पर आरक्षक रहता है। रात 12 बजे ग्राम नाहरकोला से झगड़े की सूचना पर शिवपुर थाना प्रभारी केएन रजक, प्रधान आरक्षक सुनील, आरक्षक दीपक, ओमप्रकाश जाट पहुंचे थे। उन्होंने चाकू से घायल जयनारायण कीर, हरिनारायण कीर, दौलतराम कीर, रोहित कीर और क्षमा बाई को सिवनी मालवा के सरकारी अस्पताल भेजा। जानकारी मिली कि लोकेश टप्पर मोहल्ला में है, जिसकी तलाश में थाना प्रभारी समेत चारों टप्पर मोहल्ला पहुंचे। पुलिस को आता देख लोकेश कीर भागने लगा, जिसका पीछा करते हुए एक गली में प्रधान आरक्षक सुनील, दूसरी गली से आरक्षक दीपक, एक और गली में आरक्षक ओम प्रकाश जाट लोकेश के पीछे भागे। बाप-बेटे ने आरक्षक को 9 चाकू मारे आरक्षक ओम प्रकाश करीब 1.40 बजे नाहरकोला में राकेश तवर की आटा चक्की के सामने लोकेश को पकड़ने नजदीक पहुंचे, तभी उसने हमला किया। उसने एक के बाद एक 9 वार किए। चाकू ओम प्रकाश के पेट, सीने, गर्दन, हाथ और पैर में लगे। ओमप्रकाश के जमीन पर गिरते ही लोकेश वहां से भाग निकला। प्रधान आरक्षक सुनील और आरक्षक दीपक ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। आरक्षक ओम प्रकाश जाट को तत्काल सरकारी अस्पताल सिवनी मालवा पहुंचाया। आरोपी लोकेश पर पहले से तीन केस दर्ज चाकूबाजी कर एक की हत्या और पुलिसकर्मी समेत 6 लोगों को घायल करने वाला आरोपी लोकेश कीर आपराधिक प्रवृत्ति का है, उसके खिलाफ शिवपुर थाने में नाबालिग से छेड़छाड़, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के तीन अपराध दर्ज हैं। आरोपी को पकड़ने की पूर्व थाना प्रभारियों को लगाया एएसपी अभिषेक राजन ने बताया- चाकूबाजी में एक हत्या और आरक्ष समेत 6 लोग घायल हुए हैं। एक आरोपी अमर सिंह कीर को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी लोकेश कीर फरार है। उसे पकड़ने के लिए शिवपुर में थाना प्रभारी रहे दो एसआई विवेक यादव और संजीव पवार समेत तीन टीम लगाई हैं। एक टीम इंदौर भी रवाना हुई है। आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। मामले में दो अपराध दर्ज किए गए हैं, जिसमें एक हत्या और दूसरा आरक्षक पर हमला करने, शासकीय कार्य में बाधा और जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है।



Source link