Last Updated:
नागपुर से 500 किलोमीटर चलकर अपने पति को ढूंढते हुए एक महिला मध्य प्रदेश के सतना पहुंची, जहां फिर उसका पति से बीच सड़क पर विवाद हुआ. बेरहम शौहर ने उसे धक्के मारकर घर से भगा दिया. इसके बाद आहत पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पति को ढूंढते हुए नागपुर से सतना पहुंची पत्नी
सतना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के नजीराबाद इलाके में पारिवारिक विवाद का एक मामला सामने आया है, जिसमें पति की कथित बेवफाई से आहत पत्नी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. बताया जा रहा है कि नागपुर निवासी अमरीन खान अपने पति आदिल खान को ढूंढने हुए सतना पहुंची. इसके बाद उसका यहां पर विवाद हो गया. पत्नी ने पति सहित सास-ससुर पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
पीड़िता के अनुसार उसका पति आदिल खान पिछले चार महीनों से उसे छोड़कर सतना के नजीराबाद स्थित नूरी नगर के पीछे एक अन्य महिला के साथ रह रहा था. महिला का आरोप है कि पति और उसके परिवार वाले उसे जबरन तलाक देने का दबाव बना रहे हैं, ताकि आदिल दूसरी शादी कर सके. इस बात की जानकारी मिलने पर अमरीन खान नागपुर से सतना पहुंची और पति को खोजते हुए नजीराबाद स्थित उसके ठिकाने पर जा पहुंची. बताया जा रहा है कि वहां पहुंचने पर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई.
पीड़िता ने बताया अपना दर्द
पीड़िता ने बताया कि मेरा नाम अमरीन खान है. मैं नागपुर से आई है. वह चार महीने से छोड़कर भागकर आया है. मेरी पांच साल की बच्ची है. जब मैं अपने पति के पास गई, तब उन्होंने वहां मुझे नहीं घुसने दिया और बाहर निकाल दिया. मेरे साथ मारपीट और गाली गलौच की. इसके अलावा जान से मारने की धमकी भी दी. वह किसी और औरत के साथ रिलेशनशिप में है. मेरे सास-ससुर पति की कहीं और शादी करवाना चाहते हैं.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
स्थानीय लोगों की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. साथ ही दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिसके बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.