सीहोर में किसानों से बड़ी ठगी, 6500 क्विंटल मक्का लेकर भागा गैंग, अब 3 गिरफ्तार

सीहोर में किसानों से बड़ी ठगी, 6500 क्विंटल मक्का लेकर भागा गैंग, अब 3 गिरफ्तार


Last Updated:

सीहोर जिले में किसानों और व्यापारियों से ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग का खुलासा हुआ है. रेहटी पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि गिरोह ने 6500 क्विंटल मक्का खरीदकर फर्जी जीएसटी दस्तावेज दिए और बिना भुगतान फरार हो गया. सीहोर पुलिस के अनुसार इस गैंग के खिलाफ कई राज्यों में आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सीहोर पुलिस ने किसानों से ठगी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया है.

सीहोर.  जिले में किसानों और गल्ला व्यापारियों को निशाना बनाकर की जा रही अंतर्राज्यीय धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा हुआ है. रेहटी थाना पुलिस ने ऐसे गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो खुद को व्यापारी या ब्रोकर बताकर कृषि उपज खरीदते थे और बाद में फर्जी दस्तावेजों के सहारे बिना भुगतान किए फरार हो जाते थे. पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मक्का की करीब 6500 क्विंटल फसल खरीदकर लाखों रुपये की ठगी की. इस कार्रवाई के बाद जिले के व्यापारिक और कृषि क्षेत्र में राहत की भावना देखी जा रही है.

पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह केवल सीहोर तक सीमित नहीं था. अलग-अलग राज्यों में भी इनके खिलाफ धोखाधड़ी, चेक बाउंस और अन्य आर्थिक अपराधों के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं. आरोपियों का तरीका बेहद सुनियोजित था. पहले छोटी मात्रा में माल खरीदकर समय पर भुगतान करते थे, ताकि भरोसा बन सके. इसके बाद बड़ी खेप मंगवाकर मोबाइल बंद कर गायब हो जाते थे. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और पूरे रैकेट की वित्तीय जांच भी की जा सकती है.

कैसे खुला फर्जीवाड़े का मामला
रेहटी थाना क्षेत्र के व्यापारी पंकज चन्द्रवंशी ने सबसे पहले शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि कुछ लोग व्यापारी बनकर आए और बड़ी मात्रा में मक्का लिया और रकम नहीं दी. अब पुलिस ने किसानों से कहा है कि बड़ी डील से पहले दस्तावेज, जीएसटी नंबर, बैंकिंग हिस्ट्री और पहचान सत्यापन जरूरी है. सिर्फ मौखिक भरोसे पर माल भेजना भारी नुकसान दे सकता है.

6500 क्विंटल मक्का लेकर फरार
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने लगभग 6500 क्विंटल मक्का खरीदी. भुगतान के नाम पर फर्जी जीएसटी दस्तावेज दिए गए. इसके बाद आरोपी संपर्क तोड़कर फरार हो गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम बनाई गई. तकनीकी साक्ष्य, मोबाइल लोकेशन और सूचनाओं के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई गई. इसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

कौन-कौन आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में रायपुर निवासी विनोद कुमार कलवानी, दिल्ली के शाहदरा निवासी मनोज कुमार और नागपुर-पांढुर्णा क्षेत्र से जुड़े राजेश चवारे शामिल बताए गए हैं. पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है. आरोपी अलग-अलग नाम और नंबर से व्यापारियों से संपर्क करते थे. खुद को ब्रोकर बताते थे. पहले छोटी डील कर भरोसा जीतते, फिर बड़ी खेप लेकर गायब हो जाते थे. प्रारंभिक जांच में उत्तरप्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों में भी केस होने की जानकारी मिली है. कुछ मामलों में न्यायालय से वारंट जारी होने की बात भी सामने आई है.

About the Author

Sumit verma

सुमित वर्मा, News18 में 4 सालों से एसोसिएट एडीटर पद पर कार्यरत हैं. बीते 3 दशकों से सक्रिय पत्रकारिता में अपनी अलग पहचान रखते हैं. देश के नामचीन मीडिया संस्‍थानों में सजग जिम्‍मेदार पदों पर काम करने का अनुभव. प…और पढ़ें



Source link