अभिषेक ने लगाया रिकॉर्ड का ढेर, मलिंगा ने बरपाया कहर, देखें टॉप मोमेंट्स

अभिषेक ने लगाया रिकॉर्ड का ढेर, मलिंगा ने बरपाया कहर, देखें टॉप मोमेंट्स


Last Updated:

IPL 2026 SRH vs DC Top Moments: सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 की चौथी जीत दर्ज करते हुए दिल्ली कैपिटल्स को 47 रनों से धूल चटाई. अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक के बाद हैदराबाद के गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया, जिससे दिल्ली की टीम 9 विकेट 195 रन पर ही रोक दिया. हैदराबाद ने जीत के लिए 243 रनों का लक्ष्य दिया था. चलिए तस्वीरों के जरिए इस मैच के रोमांचक पलों पर नजर जानते हैं…

अभिषेक शर्मा ने मुकाबले में शतक जड़कर कई रिकॉर्ड बना डाले. अभिषेक ने 68 गेंदों में 135 रन की पारी खेली. यह आईपीएल इतिहास की 5वीं सबसे बड़ी पारी है. अभिषेक का यह नौवां टी20 शतक रहा, जिससे वह टी20 क्रिकेट में विराट कोहली के साथ संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले भारतीय बन गए. इसके अलावा अभिषेक ने क्रिस गेल का भी एक रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया.

अपनी शतकीय पारी के दौरान अभिषेक को कुछ जीवनदान भी मिले, जिसका उन्होंने पूरा फायदा उठाया और आईपीएल इतिहास में अपना दूसरा सैकड़ा जमा दिया. इस पारी में अभिषेक ने 10 छक्के लगाए. यह आईपीएल में दूसरा मौका है, जब अभिषेक ने अपनी एक पारी में 10 या इससे ज्यादा छक्के लगाए. सबसे ज्यादा बार ऐसा करने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है. गेल ने चार बार ये कारनामा किया.

लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को पहला झटका जल्दी लगा, लेकिन इसके बाद केएल राहुल और नीतीश राणा ने 45 गेंदों में 86 रन की साझेदारी करके दिल्ली की वापसी कराई. 10वें ओवर में राहुल को साकिब हुसैन ने अपना शिकार बना दिया. इसके बाद 11वां ओवर लेकर आए ईशान मलिंगा ने दो गेंद में दो विकेट लेकर दिल्ली की कमर तोड़ दी. ईशान ने पहले नीतीश राणा को आउट किया, जिनकी पारी 57 रन पर खत्म हुई. इसके बाद मिलर को ईशान ने गोल्डन डक कर दिया.

इन दो विकेटों के अलावा भी ईशान मलिंगा ने मैच में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने अपने कोटे के चार ओवरों में सिर्फ 32 रन खर्चे और 4 विकेट लेकर हैदराबाद की जीत पक्की की. पारी के 16वें और 18वें ओवर में ईशान का शिकार ट्रिस्टन स्टब्स (27) और आशुतोष शर्मा (14) बने, जिनके पवेलियन लौटने से दिल्ली की बची उम्मीदें भी धराशायी हो गईं.

युवा स्पिनर हर्ष दुबे ने पारी के आखिरी ओवर में तीन विकेट लेकर तहलका मचाया. बाएं हाथ से गेंदबाजी करने वाले हर्ष ने पहली ही गेंद पर अक्षर पटेल को नीतीश रेड्डी के हाथों लपकवा दिया. इसके बाद की तीन गेंदों पर तीन सिंगल लिए गए. ओवर की आखिरी दो गेंदों पर हर्ष ने समीर रिजवी और लुंगी एनगीडी को अपने जाल में फंसा दिया. रिजवी 28 गेंदों में 41 रन बनाकर आउट हुए. वहीं, एनगीडी का खाता नहीं खुला. इन दोनों का कैच दिलशान मदुशंका ने लिया. हर्ष ने दो ओवर में सिर्फ 12 रन देकर कुल तीन विकेट चटकाए.

हर्ष दुबे आईपीएल में पारी के आखिरी यानी 20वें ओवर में तीन विकेट चटकाने वाले सिर्फ पांचवें स्पिनर गेंदबाज बने हैं. इससे पहले चार स्पिनर्स ने ऐसा किया. अमित मिश्रा ने पहले ही आईपीएल सीजन में ये रिकॉर्ड अपने नाम किया. इसके आठ साल बाद 2016 में एडम जाम्पा ने ऐसा किया. फिर राहुल तेवतिया ने 2018 में 20वें ओवर में तीन विकेट चटकाए. पिछले आईपीएल सीजन में क्रुणाल पंड्या ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ ऐसा ही किया था.



Source link