बाजार में इन महिलाओं को सड़क पर मिले थे गहने, पुलिस ने आज बरामद किए।
ग्वालियर के सदर बाजार के सराफा बाजार से गायब हुए गहने आखिरकार पुलिस ने बरामद कर लिए हैं। CCTV कैमरों में जो दो संदेही महिलाएं गहनों का पाउच उठाते नजर आई थीं वह असल में देवरानी-जेठानी निकली हैं और उनसे पुलिस ने गहने बरामद कर लिए हैं।
.
सदर बाजार से बजाज खाना, सब्जी मंडी, अग्रसेन चौक, नदी संतर, नदीपार टाल से श्रीनगर कॉलोनी थाटीपुर के बीच 3 किलोमीटर के एरिया में पुलिस ने 48 घंटे में 600 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले हैं। इसके बाद 11 पॉइंट पर पुलिस को स्पष्ट फुटेज मिले हैं। जिसके बाद पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया है। एसएसपी धर्मवीर सिंह की निगरानी में क्राइम ब्रांच और मुरार थाना पुलिस ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाया है। पुलिस को दरवाजे पर खड़ा देख संदेही महिलाओं ने तत्काल गहने जिस सूरत में मिले थे उसी सूरत में लौटा दिए हैं। अब फरियादी अपनी तरफ से सीसीटीवी कैमरा लगवाएगा।
पुलिस ने 11 पॉइंट पर फुटेज निकालकर रूट बनाया
श्रीनगर कॉलोनी थाटीपुर की निकली संदेही महिलाएं उपनगर मुरार सदर बाजार में 20 अप्रैल की दोपहर 12.53 पर कार से गिरे गहनों को दो संदेही महिलाएं उठाकर ले गई थीं। दोनों महिलाएं श्रीनगर कॉलोनी थाटीपुर की रहने वाली हैं। पुलिस अफसरों को दरवाजे पर खड़े देखा तो दोनों महिलाओं को समझते देर नहीं लगी कि पुलिस यहां क्यों आई है। पुलिस के पूछताछ करने पर उन्होंने गहनों का पाउच निकालकर थमा दिया। सवाल: क्यों नहीं पहुंची थाने, बोलीं-सोचा कोई आएगा तो दे देंगे पुलिस ने दोनों महिलाओं से पूछताछ की है। पुलिस ने पूछ कि उसमें गहने हैं तो वह थाना क्यों नहीं पहुंची। महिलाओं ने बताया कि हमने सोचा कि यह गहने लेकर अपने घर चली जाती हैं। यदि कोई तलाशते हुए आएगा तो वापस कर देंगे। यही कारण था कि गहनों को हमने छुआ तक नहीं है, जिस तरह वह मिले थे वैसे के वैसे रखे हैं। अभी पुलिस महिलाओं की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का मानना है कि महिलाओं का थाना नहीं आना मतलब कहीं न कहीं मन में लालच था। इन पॉइंट पर मिले हैं महत्वपूर्ण CCTV फुटेज जब पुलिस इस मामले में CCTV कैमरे खंगाल रही थी तो तीन किलोमीटर के एरिया में पुलिस ने 600 से ज्यादा CCTV कैमरे खंगाले जिस पर 11 पॉइंट पर 50 फुटेज ऐसे मिले जिनमें महिलाएं दिखीं और पुलिस को घटना स्थल से लेकर महिलाओं के घर तक का रूट मिला। ऐसे समझिए पूरा मामला शहर के आदित्यपुरम ग्रीनवुड स्कूल के पास रहने वाले कृपाल सिंह गुर्जर प्रोजेक्ट इंजीनियर हैं। उनका छोटा भाई सुमित गुर्जर मध्य प्रदेश पुलिस में बतौर आरक्षक शहडोल जिले में पदस्थ है। 19 अप्रैल को सुमित की शादी थी और सोमवार (20 अप्रैल) को नई बहू को विदा कराकर घर लाए थे।
21 अप्रैल को रिसेप्शन का समारोह होना था। घर में खुशियों का माहौल था। नई बहू को उपहार में दिए पुश्तैनी गहनों के लिए नए बॉक्स लेने के लिए कृपाल सिंह, उनकी बहन 20 अप्रैल की दोपहर सदर बाजार पहुंचे थे। यहां उन्होंने पारस ज्वेलर्स के सामने अपनी कार पार्क की और ज्वेलरी शॉप में अंदर चले गए।
गहनों का पाउच उनकी बहन के पास था। जिसमें एक रानी हार, पांच अंगूठी वाला हाथ फूल, अंगूठियां लगभग 15 तोला सोना रखा हुआ था। ज्वेलरी शॉप में जाते समय वह गहनों का पाउच उनकी बहन से अनजाने में गिर गया और किसी को याद भी नहीं रहा। जब अंदर पहुंचे और कुछ देर बाद गहनों की जरूरत पड़ी तो देखा कि वह पाउच किसी के पास नहीं है। बाहर आकर कार में भी देखा, लेकिन वहां भी कुछ नहीं मिला। इसके बाद वहां हंगामा मच गया।