धार में दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगे स्कूल: पारा 42 डिग्री पहुंचा; प्रशासन का आदेश- सुबह 7 से लगेंगी कक्षाएं – Dhar News

धार में दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगे स्कूल:  पारा 42 डिग्री पहुंचा; प्रशासन का आदेश- सुबह 7 से लगेंगी कक्षाएं – Dhar News




धार जिले में बुधवार को दोपहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने और भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने सभी स्कूलों का समय बदल दिया है। तेज धूप और गर्म हवाओं से विद्यार्थियों को बचाने के लिए अब जिले के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालय सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगे। हालांकि, चल रही परीक्षाएं अपने निर्धारित समय पर ही आयोजित की जाएंगी। शहर में भीषण गर्मी के कारण दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा है, वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना जताई है। 40 से 42 डिग्री पहुंचा दिन का तापमान, सड़कों पर सन्नाटा बुधवार को धार में दोपहर का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि सुबह का तापमान 23.5 डिग्री रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण शहर के मुख्य बाजारों, चौराहों और सड़कों पर आवाजाही लगभग ठप हो गई। लोग भीषण गर्मी से बचने के लिए घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। अति आवश्यक होने पर ही लोग चेहरे ढककर और पानी की बोतल साथ लेकर बाहर निकल रहे हैं। इस भीषण गर्मी का सर्वाधिक प्रभाव बच्चों, बुजुर्गों और मजदूर वर्ग पर पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सलाह- 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें बढ़ते तापमान और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार, दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें। हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचने के लिए अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थों का सेवन करें। धूप में बाहर निकलते समय सिर को अच्छी तरह ढककर रखें और हल्का भोजन ही करें।



Source link