नरवाई की आग बेकाबू, 10 किमी दूर तक दिखीं लपटें: दतिया के बगेदरी क्षेत्र में आग पहाड़ी तक फैली, कई घंटे बाद पाया गया काबू – datia News

नरवाई की आग बेकाबू, 10 किमी दूर तक दिखीं लपटें:  दतिया के बगेदरी क्षेत्र में आग पहाड़ी तक फैली, कई घंटे बाद पाया गया काबू – datia News




दतिया जिले के बगेदरी क्षेत्र में बुधवार को नरवाई में लगी आग ने विकराल रूप ले लिया। दतिया-दिनारा रोड पर लगी इस आग की लपटें करीब 10 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। आग आसपास की पहाड़ी तक फैल गई। कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकल टीम और ग्रामीणों ने मिलकर आग पर काबू पाया। अज्ञात कारणों से शुरू हुई आग तेजी से सड़क किनारे के खेतों से होते हुए पास की पहाड़ी तक पहुंच गई। आग की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसकी लपटें दूर-दूर तक नजर आ रही थीं। आग की लपटें और धुआं देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के खेतों और वन क्षेत्र को भारी नुकसान हो सकता था। रोज 8-10 आग की घटनाएं, दमकल पर बढ़ा दबाव
फायर कंट्रोल रूम के अनुसार, जिले में कुल 9 फायर ब्रिगेड वाहन लगातार आग बुझाने में लगे हुए हैं। गर्मी बढ़ने के साथ आगजनी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। रोजाना औसतन 8 से 10 आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे दमकल अमले पर अतिरिक्त दबाव है। संसाधनों पर दबाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि जिले की एक फायर ब्रिगेड टीम को पड़ोसी शिवपुरी जिले के दिनारा क्षेत्र में कबाड़ गोदाम में लगी आग बुझाने के लिए भी भेजा गया। इससे स्थानीय स्तर पर संसाधन और सीमित हो गए। तेज गर्मी और खेतों में सूखी नरवाई के कारण छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे का रूप ले रही है। प्रशासन ने किसानों और ग्रामीणों से अपील की है कि वे खेतों में आग लगाने से बचें और सतर्कता बरतें।



Source link