अमरकंटक में गुरुवार को गंगा सप्तमी का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर हजारों श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और दान-पुण्य किया। वैशाख शुक्ल पक्ष सप्तमी के मौके पर कोटितीर्थ घाट, रामघाट, पुष्कर बांध और आरंडी संगम तट पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। श्रद्धालुओं ने नर्मदा में डुबकी लगाकर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर में लंबी कतारें, विधि-विधान से पूजा मां नर्मदा उद्गम मंदिर में दर्शन के लिए भक्त लंबी कतारों में खड़े नजर आए। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने भिक्षुओं को दान भी दिया। इस दिन मुंडन संस्कार का खास महत्व माना जाता है। कई परिवार अपने बच्चों का मुंडन कराने के लिए यहां पहुंचे और विधि-विधान से संस्कार करवाया। सुबह से शाम तक चला स्नान नर्मदा स्नान सुबह करीब 5 बजे से शुरू हुआ और पूरे दिन चलता रहा। तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। श्रद्धालु भजन-कीर्तन, मंजीरा और अन्य वाद्य यंत्रों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा। आसपास के जिलों से पहुंचे श्रद्धालु अनूपपुर, शहडोल, डिंडोरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बिलासपुर समेत कई जिलों से लोग यहां पहुंचे। रामघाट पार्किंग में वाहनों की भारी भीड़ रही। भीड़ के बीच पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से कई श्रद्धालुओं को पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
Source link