दमोह के बिजोरी पाठक गांव में एक दिव्यांग दलित दूल्हे के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी ने गुरुवार शाम आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई हेतु कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। घोड़ी पर रछवाई निकालने को लेकर विवाद यह घटना मंगलवार शाम को हुई जब गोलू अहिरवार की रछवाई घोड़ी पर निकाली जा रही थी। लोधी मोहल्ले से गुजरते समय विश्वनाथ सिंह, बिच्छू, घुप्पु और चिन्नू नामक व्यक्तियों ने दूल्हे को घोड़ी से उतरने को कहा। मना करने पर आरोपियों ने गोलू और उसकी बहन मनीषा के साथ बेरहमी से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। जातिगत भेदभाव पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी एसपी सोमवंशी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ जातिगत आधार पर भेदभाव या अभद्रता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि घटना के समय वहां मौजूद अन्य लोगों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं। एसपी ने बताया कि यदि सोशल मीडिया पर किसी ने इस घटना के संबंध में भड़काऊ या अनर्गल टिप्पणी की, तो उन पर भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए दो-तीन संदिग्धों के नाम कोतवाली पुलिस को सौंपे गए हैं। शांति व्यवस्था के लिए गांव में पुलिस बल तैनात पुलिस प्रशासन ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है। वहीं कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर समर्थन दिया था। एसपी ने ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी अप्रिय घटना का अंदेशा हो, तो वे तत्काल नजदीकी थाने में संपर्क कर सुरक्षा मांग सकते हैं।
Source link