बस का ब्रेक फेल, पुलिया में गिरने से बाल-बाल बची: रायसेन में मिट्टी ढेर से टकराकर रुकी, 50 यात्री सवार थे – Raisen News

बस का ब्रेक फेल, पुलिया में गिरने से बाल-बाल बची:  रायसेन में मिट्टी ढेर से टकराकर रुकी, 50 यात्री सवार थे – Raisen News




रायसेन के सागर रोड पर पठारी के पास गुरुवार शाम एक बड़ा बस हादसा टल गया। भोपाल से सागर जा रही कृष्ण ट्रैवल्स की एक बस का प्रेशर पाइप फटने से ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस निर्माणाधीन पुलिया की ओर बढ़ गई, लेकिन पुलिया निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी और पत्थरों के ढेर से टकराकर रुक गई। बस में करीब 50 यात्री सवार थे, जो सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। यह घटना शाम करीब 6 बजे हुई। बस भोपाल से सागर की ओर जा रही थी, तभी पठारी के पास अचानक प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। बस की तेज रफ्तार के कारण यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को निर्माणाधीन पुलिया के लिए खोदी गई मिट्टी की ओर मोड़ दिया। इससे बस वहीं फंसकर रुक गई और पुलिया में गिरने से बच गई। यदि बस पुलिया में गिर जाती, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद सभी यात्री सुरक्षित बस से नीचे उतर गए। मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। बाद में यात्रियों को अन्य वाहनों का इंतजार करते देखा गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि बीते चार दिनों में यह रायसेन जिले में चौथा बस हादसा है। इससे पहले सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक बस पहाड़ी से टकरा गई थी, जबकि एक अन्य बस में चलते-चलते आग लग गई थी। तीसरी घटना में एक बस ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी थी। लगातार हो रही इन घटनाओं ने जिले की परिवहन व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



Source link