बहानेबाजी की हद! LSG की दुर्दशा पर लैंगर का अजीब तर्क- ‘पिच ने हरवा दिया मैच’

बहानेबाजी की हद! LSG की दुर्दशा पर लैंगर का अजीब तर्क- ‘पिच ने हरवा दिया मैच’


होमखेलक्रिकेट

बहानेबाजी की हद! LSG की दुर्दशा पर लैंगर का अजीब तर्क- ‘पिच ने हरवा दिया मैच’

Last Updated:

LSG head coach Justin Langer: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपरजायंट्स की हालत खराब है. टीम इस सीजन में अबतक कुल 7 मैच खेल चुकी है, जिसमें से उसे सिर्फ 2 में जीत मिली है. खास तौर पर लखनऊ अपने घरेलू मैदान पर संघर्ष करते हुए दिखी है. ऐसे में टीम के हेड कोच ने बताया कि इकाना की पिच पर हम तालमेल नहीं बना पा रहे हैं.

Zoom

एलएसजी के हेड कोच जस्टिन लैंगर

नई दिल्ली: लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के मुख्य कोच जस्टिन लैंगर ने एकाना की पिच की तुलना पर्थ की बीते जमाने की मशहूर वाका पिच से की और माना कि उनकी टीम इसमें मिलने वाली गति और उछाल से तालमेल बिठाने में नाकाम रही है. एलएसजी अपने घरेलू मैदान पर अब तक खेले गए तीनों मैच हार चुका है. दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उसे यहां क्रमशः छह और सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा जबकि बुधवार को राजस्थान रॉयल्स ने उसे 40 रन से हराया.

पिछले सत्र में भी एलएसजी ने यहां खेले गए आठ मैचों में से छह मैच हारे थे. इस तरह से उसने इस मैदान पर खेले गए 22 मैचों में से केवल नौ में जीत हासिल की है. लैंगर ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘यहां की पिच भारत के दूसरे स्थानों की पिच से बहुत अलग है. यह क्रिकेट के लिए शानदार पिच है. यहां आपको गति और उछाल दोनों देखने को मिलते हैं. हम अभी तक इससे सामंजस्य नहीं बिठा पाए हैं.’’

पिच से तालमेल नहीं बना पा रहे हैं खिलाड़ी-लैंगर

उन्होंने कहा, ‘‘हमने अच्छी शुरुआत की थी. हम इस पिच पर अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं लेकिन हमारे बल्लेबाज इससे मिलने वाली अतिरिक्त गति और उछाल से तालमेल नहीं बिठा पा रहे हैं. हमारे बल्लेबाज कई बार शॉर्ट पिच गेंदों पर आउट हुए.’’ लैंगर ने कहा, ‘‘भारत में हमने कई ऐसी पिचें देखी हैं जहां गेंद अधिक उछाल नहीं लेती है, लेकिन यह पिच वाका की पिच की तरह है. यहां गेंद को अच्छी गति और उछाल मिलती है. यहां आपको वाकई दिलचस्प क्रिकेट देखने को मिल रहा है.’’

कप्तान ऋषभ पंत, ऑस्ट्रेलिया के मिचेल मार्श, दक्षिण अफ्रीका के टी20 कप्तान एडन मार्क्रम और निकोलस पूरन जैसे धाकड़ बल्लेबाजों की मौजूदगी के बावजूद एलएसजी की टीम अपने घरेलू मैदान पर प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने के लिए संघर्ष कर रही है. उसने अब तक यहां तीन मैच में 141, आठ विकेट पर 164 और 119 रन ही बनाए हैं. लैंगर ने कहा, ‘‘हमारे बल्लेबाज अभी तक लय हासिल नहीं कर पाए हैं. हमारी बल्लेबाजी लाइनअप को देखते हुए सत्र की शुरुआत में किसी ने भी यह नहीं सोचा होगा कि हमारे बल्लेबाज लय हासिल नहीं कर पाएंगे. हमने इसकी कल्पना भी नहीं की थी और इसलिए हम इस पर कड़ी मेहनत कर रहे हैं.’’

जस्टिन लैंगर ने तेज गेंदबाजों को सराहा

उन्होंने कहा, ‘‘इस साल हमारे गेंदबाजों ने वाकई शानदार प्रदर्शन किया है. मुझे लगता है मोहसिन खान और प्रिंस यादव, दोनों ऐसे खिलाड़ी हैं जो भारत के लिए खेलेंगे. मुझे इसमें कोई शक नहीं है.’’ इस बीच नाबाद 43 रन बनाने के अलावा एक विकेट लेकर राजस्थान रॉयल्स की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने कहा कि यह पिच टी20 के लिए आदर्श पिच नहीं है.

जडेजा ने कहा, ‘‘इस पिच पर रन बनाना आसान नहीं था. घास थी, लाल मिट्टी का विकेट था, इसलिए उछाल भी थी. मैं यह नहीं कहूंगा कि यह टी20 के लिए आदर्श विकेट था. मुझे जो बात अच्छी लगी वह यह थी कि विकेट दोनों टीमों के लिए समान था.’’

About the Author

Jitendra Kumar

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें



Source link