मेहमान बनकर घर में घुसता, सम्मोहित कर उतरवा लेता गहने, 4 चमकीली लकीरों की वजह से फंसा ठग

मेहमान बनकर घर में घुसता, सम्मोहित कर उतरवा लेता गहने, 4 चमकीली लकीरों की वजह से फंसा ठग


Last Updated:

ये शातिर ठग 3 जिलों गुना, राजगढ़ और शिवपुरी की पुलिस के लिए सिरदर्द बन चुका था. फिर खाकी का सटीक निशाना लगा. न मोबाइल, न नंबर प्लेट बस चार चमकीली लकीरों के पीछे अशोकनगर तक जा पहुंची चांचौड़ा पुलिस. दबोचा गया शातिर ठग राजू विश्वकर्मा. जानें पूरा मामला…

Zoom

गुना पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ठग.

Guna News: गुना के चाचौड़ा-बीनागंज क्षेत्र से एक ऐसा शातिर ठग गिरफ्तार किया गया, जिसके पीछे पुलिस दो साल से लगी हुई थी. ठग मेहमान बनकर घरों में घुसता और महिलाओं को अपनी बातों में उलझाकर उनके गहने उतरवा लेता था. गुना, राजगढ़ और शिवपुरी जिलों में दहशत का पर्याय बन चुके इस ठग को अशोकनगर से गिरफ्तार किया गया है.

वारदात का यूनिक पैटर्न
पकड़ा गया आरोपी बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था. वह खुद को दूर का रिश्तेदार बताकर घर में प्रवेश करता था. पिछले दिनों कुंभराज के बीनागंज में लहरचा रोड निवासी तनीषा व्यास के साथ भी उसने ऐसी ही वारदात की थी. मकान के उद्घाटन का फर्जी निमंत्रण कार्ड देने के बहाने वह घर में घुसा और महिला के मायके व ससुराल का हवाला देकर उसका विश्वास जीता. इसके बाद करीब आधे घंटे तक बातों के जाल में उलझाया और सम्मोहन के जरिए महिला के सोने के टॉप्स और मंगलसूत्र उतरवाकर रफूचक्कर हो गया.

लाल रेडियम पट्टी ने बिगाड़ा खेल
आरोपी राजू विश्वकर्मा इतना चतुर था कि वह कभी बाइक का उपयोग नहीं करता था. वह बिना नंबर की सफेद स्कूटी से चलता था. उसकी गिरफ्तारी में स्कूटी के मडगार्ड पर बनी चार लाल रेडियम पट्टियां सबसे बड़ा सुराग साबित हुईं. थाना प्रभारी नीरज राणा के नेतृत्व में पुलिस ने 5-6 दिन तक सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले.

पेट्रोल पंप के फुटेज खंगाले
पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से जांच को आगे बढ़ाया. पेट्रोल पंपों के फुटेज से यह विश्लेषण किया गया कि आरोपी कितने का पेट्रोल डलवाता था और उस हिसाब से वह कितनी दूर और किस दिशा में जा सकता था. इसी डायरेक्शन थ्योरी और लाल रेडियम पट्टी के आधार पर पुलिस अशोकनगर तक पहुंची. दो-तीन दिन तक आरोपी की रेकी करने के बाद पुलिस ने उसे घेराबंदी कर धरदबोचा.

तीन जिलों में 10 से ज्यादा वारदातें
एसपी गुना हितिका वसल ने बताया,प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गुना के अलावा राजगढ़ और शिवपुरी जिलों में इसी सम्मोहन पैटर्न पर 8 से 10 वारदातें करना स्वीकार की हैं. ये ठग पिछले दो साल से सक्रिय था और विभिन्न थानों की पुलिस उसे तलाश रही थी, लेकिन पहली बार वह पुलिस के हत्थे चढ़ा है. पुलिस अब उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड मांगेगी, जिससे अन्य वारदातों और चोरी किए गए जेवरातों की बरामदगी हो सके.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link