सीधी में आग से 4 एकड़ फसल जलकर राख: दमकल नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने बुझाई; शॉर्ट सर्किट से करीब 30 से 35 पेड़ भी जले – Sidhi News

सीधी में आग से 4 एकड़ फसल जलकर राख:  दमकल नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों ने बुझाई; शॉर्ट सर्किट से करीब 30 से 35 पेड़ भी जले – Sidhi News




सीधी जिले के सिहावल तहसील अंतर्गत कपूरी बेदौलिहान गांव में आज गुरुवार सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट को आग का कारण बताया जा रहा है। घटना में लगभग चार एकड़ में तैयार फसल और करीब 30 से 35 पेड़ जलकर राख हो गए। गांव निवासी सुभाष मिश्रा के खलिहान से भड़की आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे खलिहान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा गेहूं पूरी तरह नष्ट हो गया। ग्रामीणों के सूचना पर नहीं पहुंचा फायर ब्रिगेड ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, लेकिन दमकल वाहन समय पर मौके पर नहीं पहुंच सका। इसके बाद गांव के लगभग 20 से 25 लोगों ने एकजुट होकर स्वयं आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग की लपटों ने खलिहान के आसपास के पेड़ों को भी अपनी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, करीब 30 से 35 पेड़ जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा खलिहान में रखी अन्य कृषि सामग्री और सामान भी पूरी तरह जल गया, जिससे किसान को हजारों रुपए का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने की मांग घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को शासन की ओर से हर संभव सहायता और उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। चुरहट थाना प्रभारी दीपक सिंह बघेल ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है और जांच के लिए टीम को मौके पर भेजा गया है। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है और राजस्व विभाग के अधिकारियों से भी संपर्क किया गया है।



Source link