छतरपुर जिले के नौगांव में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। आसमान से बरसती आग और जमीन से उठती तपिश के बीच पूरा बुंदेलखंड झुलसता नजर आ रहा है। शुक्रवार को नौगांव का अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 44 डिग्री की दहलीज पर पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री रहा, जिससे रात में भी राहत नहीं मिल पा रही है। मौसम के हालात ऐसे हैं कि दिन और रात दोनों का तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ज्यादा चल रहा है। दिन में तेज धूप और लू लोगों को घरों में कैद कर रही है, तो रात में भी गर्म हवाएं चैन नहीं लेने दे रहीं। गुरुवार को नौगांव 43 डिग्री के साथ प्रदेश का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा। इससे पहले नर्मदापुरम 43.8 डिग्री और खजुराहो 43.4 डिग्री के साथ पहले और दूसरे स्थान पर थे। शुक्रवार को तापमान में और बढ़ोतरी के साथ नौगांव ने फिर तेजी दिखाई। इससे पहले रविवार को यहां का तापमान 44.3 डिग्री तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। गर्मी से सुनसान हुईं सड़कें.. राजस्थान से आ रहीं गर्म हवाएं मौसम विभाग के वैज्ञानिक कालीचरण रैकवार के मुताबिक, राजस्थान से आने वाली गर्म और शुष्क हवाएं बुंदेलखंड को सीधे प्रभावित कर रही हैं। यही वजह है कि तापमान में लगातार उछाल देखा जा रहा है और गर्मी का असर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने 25 से 28 अप्रैल के बीच गर्मी के और विकराल होने की चेतावनी दी है। इस दौरान तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है और मई की शुरुआत भी तेज गर्मी के साथ होने के संकेत हैं। गर्मी के बढ़ते असर के साथ गांवों में पानी की समस्या गहराने लगी है। दोपहर में सड़कें सूनी और बाजार वीरान नजर आ रहे हैं। हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है, जबकि अस्पतालों की तैयारियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल साफ संकेत हैं कि इस बार बुंदेलखंड गर्मी का सबसे बड़ा केंद्र बन सकता है और आने वाले दिन लोगों के लिए और चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं।
Source link