पन्ना पुलिस ने चोरी का ट्रक, 70 क्विंटल अनाज बरामद: 20 मामलों का आरोपी साथी समेत सतना से गिरफ्तार – Panna News

पन्ना पुलिस ने चोरी का ट्रक, 70 क्विंटल अनाज बरामद:  20 मामलों का आरोपी साथी समेत सतना से गिरफ्तार – Panna News




पन्ना जिले की गुनौर पुलिस ने चोरी हुए अनाज से लदे ट्रक को बरामद कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक पर पहले से ही 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने ट्रक के साथ उसमें लदा 140 बोरा अनाज भी सुरक्षित जब्त किया है। गुनौर निवासी ट्रांसपोर्टर प्रशांत अवधिया ने 19 अप्रैल की रात अपना मिनी ट्रक अनाज से भरकर अहिंसा चौक पर खड़ा किया था। अगली सुबह जब चालक ट्रक लेने पहुंचा तो वह गायब था। काफी खोजबीन के बाद कोई सुराग न मिलने पर पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। तीन दिनों तक मामले में कोई खास प्रगति न होने पर पीड़ित प्रशांत अवधिया ने 23 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। एसपी ने तत्काल एक टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। 24 अप्रैल, शुक्रवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सतना जिले के ऊँचेहरा क्षेत्र में दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी का माल बेचने की कोशिश कर रहे हैं। इस सूचना पर गुनौर पुलिस की टीम ने घेराबंदी की और बरौली चौराहे के पास से अनुज उर्फ वीरू रघुवंशी और रफीक उल्ला खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 लाख 65 हजार रुपये कीमत का चोरी हुआ टाटा 407 मिनी ट्रक और 70 क्विंटल अनाज बरामद किया है। पुलिस के अनुसार ​​गिरफ्तार आरोपियों में से एक, अनुज उर्फ वीरू रघुवंशी पन्ना जिले का आदतन अपराधी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उस पर चोरी और अन्य अपराधों के करीब 20 मामले पहले से ही दर्ज हैं। ​इस पूरी कार्रवाई में गुनौर थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी, अमानगंज थाना प्रभारी रवि जादौन और साइबर सेल पन्ना की टीम का विशेष योगदान रहा।



Source link