बुरहानपुर में कलेक्टर हर्ष सिंह ने शुक्रवार को जिला चिकित्सालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और कक्षों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर सिंह ने सिकल सेल वार्ड, महिला वार्ड, गर्भवती महिला ओपीडी, प्रसूति प्रतीक्षालय, लू व डायरिया वार्ड और नवीन कक्षों सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना किया। कलेक्टर ने अस्पताल में साफ-सफाई, उपलब्ध संसाधनों, चिकित्सा सेवाओं और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में स्वच्छता बनाए रखी जाए और मरीजों को समय पर बेहतर उपचार एवं सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। फीडबैक लेकर समस्याओं को समझा कलेक्टर सिंह ने मरीजों से सीधे संवाद कर अस्पताल में मिल रही सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और कर्मचारियों के व्यवहार संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं को समझा। इस निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, सीएमएचओ डॉ. आरके वर्मा, सिविल सर्जन डॉ. दर्पण टोके, आरएमओ भूपेंद्र गौर सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Source link