Last Updated:
Khargone Tension: खरगोन जिले के करही में एक युवक की मौत के बाद स्थिति तनावपूर्ण बन गई थी, लेकिन हालात को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है. मृतक पक्ष लोगों ने आरोपी की दुकान जलाने का प्रयास किया और घर में आग लगा दी गई. पुलिस की तरफ से बताया गया है कि अभी स्थिति सामान्य है.
खरगोन में युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा
Khargone News: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के करही में देर शाम रुपए के लेन देन को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया. बाद में विवाद इतना बढ़ा कि इसने हिंसक रूप ले लिया. विवाद के दौरान शानू खान नाम के युवक ने 15-16 साल के नाबालिग सोहन के पेट में लोहे की रॉड से वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल सोहन को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इसके बाद करही नगर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और इलाके में सन्नाटा छा गया. एहतियात के तौर पर बाजार बंद रहे और व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं.
आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर और दुकान में लगाई आग
नाबालिग युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी पक्ष के युवक के घर और दुकान में आगजनी कर दी. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर बड़ी मशक्कत और कड़ी मेहनत से आग पर काबू पाया. हालात और बिगड़ते इससे पहले ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और बड़े अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति संभालने की कोशिश की. एसपी रविन्द्र वर्मा, एएसपी शकुंतला रुहल, बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत और मंडलेश्वर एसडीओपी श्वेता शुक्ला सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे.
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
स्थिति और ना बिगड़े. इसके लिए करही और आसपास के करीब चार थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस के मुताबिक फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. इधर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच कर रही है.
पुलिस ने अफवाहों पर ध्यान ना देने की कही बात
एसपी डॉ रविंद्र वर्मा ने बताया की करही थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी. आरोपी को हमने तत्काल हिरासत में लिया. हत्या का प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. एसपी वर्मा ने लोगों से शांति बनाए रखने की और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. फिलहाल पूरे इलाके में पुलिस की कड़ी नजर बनी हुई है.
About the Author
गोविन्द सिंह जनवरी 2026 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर Senior Sub Editor कार्यरत हैं, जहां वह मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ स्टेट टीम का हिस्सा हैं. किस्सागोई के अंदाज में खबरें पेश कर…और पढ़ें