बुरहानपुर में पंचायती राज दिवस पर अर्चना चिटनिस ने कहा पंचायती राज व्यवस्था भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है। यह शासन को गांव-गांव तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। आज पंचायतों को अधिक अधिकार, संसाधन और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे गांवों का समग्र और आत्मनिर्भर विकास सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने ग्राम स्वराज, डिजिटल सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए चलाए जा रहे अभिनव प्रयासों का उल्लेख किया। साथ ही मध्यप्रदेश में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागृह में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। विधायक ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के बुनियादी ढांचे, स्वच्छता, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बोलीं- गांवों में बसती है भारत की आत्मा
चिटनिस ने जोर देकर कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है और इसे जीवंत बनाए रखने में पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार, जब पंचायतें सशक्त होंगी, तभी सच्चे अर्थों में लोकतंत्र मजबूत होगा और देश प्रगति के नए आयाम स्थापित करेगा। उन्होंने कहा पंचायती राज व्यवस्था भारत के लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव है, जो गांवों को सशक्त बनाकर देश के विकास को गति देती है। 24 अप्रैल का दिन हमें यह याद दिलाता है कि जब निर्णय गांव के स्तर पर लिए जाते हैं, तब विकास अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनता है। 73वें संविधान संशोधन के माध्यम से पंचायतों को जो अधिकार और जिम्मेदारियां मिली हैं। उनका उद्देश्य गांवों को आत्मनिर्भर बनाना और आमजन को शासन की प्रक्रिया में सीधे जोड़ना है। पंचायत प्रतिनिधि केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि गांव के विकास के मार्गदर्शक होते हैं। अच्छा काम करने वाली पंचायतों का सम्मान
कार्यक्रम के अंत में, विधायक चिटनिस ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए सरपंचों, सचिवों और जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद भी स्थापित किया। चिटनिस ने सभी से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं, सुझाव और अनुभव सुने। ग्राम विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए अपने अपने गांवों को आदर्श ग्राम बनाने की दिशा में कार्य करें। अपने अपने गांवों को आत्मनिर्भर, स्वच्छ और समृद्ध बनाए.क्योंकि पंचायत मजबूत होगी, तो देश मजबूत होगा। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, जिला पंचायत सीईओ सृजन वर्मा, जिला पंचायत सदस्य दिलीप पवार, नरहरी दीक्षित, किशोर कामठे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, सरपंच और सचिव मौजूद रहे।
Source link