जबलपुर में देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। खमरिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार एंबुलेंस ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे 36 वर्षीय असीम दुबे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसा रात करीब डेढ़ बजे का है, जब असीम दुबे रांझी से अपने गृहग्राम पिपरिया लौट रहे थे। खमरिया अस्पताल तिराहे के पास शहडोल से जबलपुर की ओर आ रही एंबुलेंस ने उनकी बाइक (MP-20-ZA-1445) को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर के बाद एंबुलेंस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर गई और पेड़ से जा टकराई। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही खमरिया पुलिस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एंबुलेंस में सवार मरीज को पुलिस और सुरक्षा गार्ड की मदद से दूसरे वाहन से अस्पताल भेजा गया। शादी से लौट रहे थे, एआईडीईएफ से जुड़े थे मृतक जानकारी के मुताबिक, असीम दुबे रात करीब एक बजे एक शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे में उनके सिर, सीने, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मृतक असीम दुबे ऑल इंडिया डिफेंस एंप्लाई फेडरेशन की व्हीकल फैक्ट्री कार्य समिति के सचिव थे। उनकी मौत की खबर से कर्मचारियों में शोक की लहर है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद असीम दुबे का अंतिम संस्कार उनके गृह ग्राम पिपरिया में किया जाएगा। हादसे की तस्वीरें…
Source link