केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार शाम 6:30 बजे रायसेन पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट में विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र की गेहूं उपार्जन व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान, उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया में किसानों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। बाद में, उन्होंने पत्रकारों से भी चर्चा की। मंत्री चौहान ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में गेहूं का बंपर उत्पादन हुआ है और सरकार किसानों का एक-एक दाना खरीदेगी। उन्होंने स्लॉट बुकिंग में आ रही तकनीकी समस्याओं को जल्द दूर करने का आश्वासन दिया, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि मानसून की बारिश शुरू होने से पहले ही पूरी खरीदी प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। इसके लिए अधिकारियों को खरीदी केंद्रों पर बेहतर इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई मंत्री चौहान ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष प्रदेश में लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी हुई थी। इस वर्ष केंद्र से 78 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला था, लेकिन बंपर उत्पादन के कारण अब यह आंकड़ा बढ़कर 100 लाख मीट्रिक टन तक पहुंचने की संभावना है, जो पिछले साल से लगभग 23 लाख मीट्रिक टन अधिक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में खरीदी व्यवस्थाओं में कई सुधार किए गए हैं। अब छोटे, मध्यम और बड़े सभी किसानों की उपज खरीदी जाएगी। किसानों की मांग पर, अब सप्ताह में 5 दिन के बजाय 6 दिन खरीदी की जाएगी। इसके अतिरिक्त, खरीदी केंद्रों पर वजन मशीनों (कांटों) की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। चौहान ने कहा कि खरीदी कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और 9 मई तक स्लॉट बुकिंग जारी रहेगी। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन, कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा, एसपी आशुतोष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। रायसेन जिले की स्थिति
Source link