विराट का 300वां सिक्स, अनुष्का का रिएक्शन, आरसीबी-गुजरात मैच के मोमेंट्स

विराट का 300वां सिक्स, अनुष्का का रिएक्शन, आरसीबी-गुजरात मैच के मोमेंट्स


Last Updated:

RCB vs GT Match Moments-Records: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर अपनी 5वीं जीत दर्ज की. विराट कोहली ने 81 रन और देवदत्त पडिक्कल ने 55 रन की पारी खेलकर आरसीबी को जीत दिलाकर अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंचा दिया. चलिए एम चिन्नास्वामी में हुए इस रोमांचक मुकाबले के मोमेंट्स और रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस के लिए ओपनर साई सुदर्शन ने शानदार शतक ठोका. सुदर्शन ने 58 गेंदों में 100 रन की पारी खेली, जिसमें 5 छक्के और 11 चौके शामिल रहे. उन्होंने इस शतक के साथ ही कई रिकॉर्ड भी बनाए. सुदर्शन ने आईपीएल में 2000 रन पूरे कर लिए. वह सबसे कम पारियों में 2000 रनों तक पहुंचने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. सुदर्शन ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा. गेल ने 48 पारियों में ये रिकॉर्ड बनाया था, जबकि सुदर्शन ने 47 पारियों में ऐसा किया.

सुदर्शन आईपीएल में छठे सबसे कम गेंदों में 2000 आईपीएल रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने 1361 गेंदें लीं. अभिषेक शर्मा इस मामले में सबसे आगे हैं. उन्होंने 1193 गेंदों में यह रिकॉर्ड बनाया. वीरेंद्र सहवाग, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और युसूफ पठान इस लिस्ट में अन्य नाम हैं. सुदर्शन और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़े. यह आरसीबी के खिलाफ गुजरात टाइटंस के लिए सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड है. इन दोनों ने आईपीएल में आठवीं बार शतकीय साझेदारी की है. विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के नाम सबसे ज्यादा 10 बार सेंचुरी पार्टनरशिप (किसी भी विकेट के लिए) का रिकॉर्ड है.

पारी का आखिरी ओवर करने आए आरसीबी के तेज गेंदबाज रसिख डार सलाम को मैदान छोड़ना पड़ा. ओवर की शुरुआत भी नहीं हुई थी. रसिख को क्रैंप्स के चलते दर्द में नजर आए. फिजियो मैदान में आए जरूर, लेकिन रसिख गेंदबाज करने की हालत में नहीं थी और उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया. क्रुणाल पंड्या ने 20वां ओवर फेंका, जिसमें जेसन होल्डर ने तीन बड़े शॉट्स से 18 रन आए. इससे गुजरात ने 3 विकेट खोकर 205 रन का स्कोर बनाया.

Add News18 as
Preferred Source on Google

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम को पहले ही ओवर में बड़ा जीवनदान मिला. अपनी पहली ही गेंद को फ्लिक करने गए विराट कोहली का आसान सा कैच वॉशिंगटन सुंदर ने छोड़ दिया। यह गुजरात के लिए हार का बड़ा कारण साबित हुआ, क्योंकि कोहली ने मैच विनिंग पारी खेलते हुए आरसीबी को जीत दिला दी. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया.

तीन नंबर पर आए देवदत्त पडिक्कल ने तूफानी बैटिंग करते हुए सिर्फ 20 गेंदों में अर्धशतक जमाया. पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर राशिद खान ने उन्हें चलता किया. हालांकि, तब तक वह विराट कोहली के साथ मिलकर आरसीबी के लिए जीत की नींव रख चुके थे. पडिक्कल ने 27 गेंदों में दो चौके और 6 छक्कों की मदद से 55 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनके और कोहली के बीच दूसरे विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी की.

विराट कोहली वेल डिजर्विंग हंड्रेड से चूक गए. पडिक्कल के आउट होने के बाद उन्होंने गियर बदलते हुए अगले ही ओवर में जेसन होल्डर को लगातार दो छक्के उड़ाए, लेकिन अगली ही गेंद पर प्लेड ऑन होकर बोल्ड हो गए. कोहली की पारी 44 गेंदों में 81 रन की रही, जिसमें 8 चौके और चार छक्के भी शामिल रहे. इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड भी नाम किए.

पारी के आठवें ओवर में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ स्पिनर राशिद खान की दूसरी गेंद पर कोहली ने लॉन्ग-ऑन के ऊपर से एक गगनचुंबी छक्का जड़ा. यह उनका आईपीएल में 300वां सिक्स था. इस छक्के के साथ विराट कोहली आईपीएल के इतिहास में एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. वहीं, आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले वह क्रिस गेल और रोहित शर्मा के बाद सिर्फ तीसरे ही खिलाड़ी हैं.

इतना ही नहीं, कोहली ने छक्कों के साथ-साथ चौकों का भी एक ऐसा महारिकॉर्ड बना दिया, जिसे तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए बेहद मुश्किल होगा. पारी के दूसरे ओवर में दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा की चौथी गेंद पर विराट कोहली ने मैच का अपना पहला चौका जड़ा. यह कोहली के बल्ले से निकला आईपीएल में 800वां फोर था. इस मुकाम तक पहुंचने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए.

मैच का एक रोमांचक पल तब आया जब विराट कोहली ने राशिद खान की गेंद पर एक गगनचुंबी छक्का जड़ा, जो सीधा स्टैंड्स में जाकर गिरा. विराट के इस शॉट पर जब पूरा स्टेडियम झूम रहा था, तभी कैमरों ने स्टैंड्स में बैठी अनुष्का शर्मा को कैद किया. छक्का लगते ही अनुष्का खुशी से झूम उठीं और डांस करने लगीं. सोशल मीडिया पर यह मोमेंट तुरंत वायरल हो गया. इतना ही नहीं, जब कोहली ने लगातार दो छक्के लगाकर अपना स्कोर 81 रन पहुंचाया, तब भी अनुष्का उनके लिए तालियां बजाती नजर आईं. उनके अर्धशतक के दौरान भी अनुष्का उन्हें चीयर करती नजर आईं और जब आउट होकर लौटे तो उनकी पारी की तारीफ में उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया.

आरसीबी ने यह मुकाबला 7 गेंद रहते अपने नाम किया. आरसीबी का यह दूसरा सबसे बड़ा साल रन चेज है. इससे पहले 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आरसीबी ने 228 रन बनाकर जीत दर्ज की थी. अपने होम ग्राउंड (बेंगलुरु) पर आरसीबी की यह 50वीं जीत है. इसी के साथ टीम एक वेन्यू पर 50 या इससे ज्यादा मैच जीतने वाली चौथी टीम बन गई है. मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइटराइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स इस लिस्ट में शामिल हैं.



Source link