Last Updated:
SRH vs RR Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 के 36वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को उसी के घर में घुसकर हरा दिया. हैदराबाद की यह सीजन में पांचवीं जीत है, जबकि राजस्थान को आठ मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है. सीजन में दोनों टीमें दूसरी बार आमने-सामने थीं, लेकिन राजस्थान वैभव सूर्यवंशी के शतक के बावजूद पिछली हार का हिसाब बराबर नहीं कर पाई.
सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया.
नई दिल्ली.वैभव सूर्यवंशी के तूफानी शतक पर अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की अर्धशतकीय पारियां भारी पड़ीं, जिससे सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को उसी के घर में 5 विकेट से धूल चटा दी. जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में आईपीएल 2026 का यह 36वां मुकाबला खेला गया, जिसमें वैभव के दम पर राजस्थान ने 6 विकेट खोकर 228 रन का बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाया. लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक और ईशान ने तूफानी अर्धशतक जड़कर हैदराबाद के लिए जीत की राह आसान कर कर दी. हैदराबाद ने तीन गेंदे रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. हैदराबाद के नियमित कप्तान पैट कमिंस पहली बार सीजन में खेलने उतरे थे. हैदराबाद ने राजस्थान को टूर्नामेंट में दूसरी बार मात दी है. इससे पहले अपने घर पर खेलते हुए भी हैदराबाद को जीत मिली थी. हैदराबाद की यह सीजन में 5वीं जीत है, जिससे टीम अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जबकि राजस्थान की टीम चौथे स्थान पर खिसक चुकी है. राजस्थान की यह आठ मैचों में तीसरी हार है.
ईशान-किशन का बोला बल्ला
लक्ष्य का पीछा करते हुए हैदराबाद को ट्रेविस हेड के रूप में पहला झटका जल्दी लगा, जो सिर्फ 6 बनाकर आउट हो गए. हालांकि, इसके बाद अभिषेक शर्मा ने ईशान किशन के साथ मिलकर तूफानी बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए 132 रन की बड़ी साझेदारी कर डाली, जिसने मैच की दिशा तय कर दी. ईशान 31 गेंदों में 11 चौके और तीन छक्कों की मदद से 74 रन बनाकर आउट हुए. अभिषेक ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए. उनकी पारी में 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. जब अभिषेक आउट हुए तो हैदराबाद का स्कोर 12.1 ओवर में 166/3 था.
सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 5 विकेट से हराया.
नीतीश-क्लासेन ने कराई जीत की दहलीज पार
अभिषेक-ईशान के आउट होने से हैदराबाद के रनों की रफ्तार धीमी जरूर हुई, लेकिन हेनरिक क्लासेन और नीतीश रेड्डी ने टीम को जीत की दहलीज पार करा दी. क्लासेन 29 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रेड्डी ने 18 गेंदों में 200 के स्ट्राइक रेट से 36 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से दो चौके और तीन छक्के भी निकले. सलिल अरोड़ा 8 रन और अनिकेत वर्मा एक रन बनाकर नाबाद लौटे. राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा ने दो-दो विकेट जरूर चटकाए, लेकिन हैदराबाद को मैच जीतने से नहीं रोक सके.
About the Author
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें