आलीराजपुर में हीटवेव का प्रकोप, पारा 42.8°C तक संभव: आम जनजीवन प्रभावित, स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया – alirajpur News

आलीराजपुर में हीटवेव का प्रकोप, पारा 42.8°C तक संभव:  आम जनजीवन प्रभावित, स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया – alirajpur News




आलीराजपुर जिला भीषण गर्मी की चपेट में है। राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण अप्रैल में ही जून जैसी तपिश महसूस हो रही है। जिले में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, और मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में इसके बढ़कर 42.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। तेज धूप और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सुबह से ही धूप तेज होने लगती है, और दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान हो जाती हैं। बाजारों में भी रौनक कम हो गई है, जिससे दुकानों पर ग्राहकों की संख्या घटी है और कामकाज की रफ्तार धीमी पड़ गई है। हालांकि, इस भीषण गर्मी के बावजूद जीवन रुका नहीं है। दैनिक मजदूरी पर निर्भर लोगों के लिए यह सबसे बड़ी चुनौती है कि वे इस तपिश में भी अपना काम जारी रखें। शहर में कई महिलाएं छाते का सहारा लेकर कड़ी धूप में सब्जी की दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। तपती सड़कों और लू के बीच उनका संघर्ष स्पष्ट दिखाई देता है। गर्मी से राहत पाने के लिए लोग कई उपाय अपना रहे हैं। शहर में आमरस, गन्ने का रस, शिकंजी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों की मांग में तेजी आई है। लोग शरीर को ठंडा रखने और लू से बचने के लिए इनका सेवन कर रहे हैं। पानी की खपत भी काफी बढ़ गई है, और लोग खुद को हाइड्रेटेड रखने के लिए बार-बार पानी पी रहे हैं। 12 से 4 बजे तक निकलने से बचें स्वास्थ्य विभाग ने जिले में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया है और लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिन और अधिक खतरनाक हो सकते हैं। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने, अधिक से अधिक पानी और तरल पदार्थ लेने, हल्के व ढीले कपड़े पहनने तथा धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकने की सलाह दी गई है। गर्मी के मौसम की अन्य तस्वीरें…



Source link