इंदौर में महिला से छेड़छाड़, पड़ोसी पर FIR: फोन कॉल से करता था परेशान; भंवरकुआं में नाबालिग से भी छेड़छाड़ – Indore News

इंदौर में महिला से छेड़छाड़, पड़ोसी पर FIR:  फोन कॉल से करता था परेशान; भंवरकुआं में नाबालिग से भी छेड़छाड़ – Indore News




इंदौर के विजयनगर इलाके में 40 वर्षीय महिला ने अपने ही पड़ोसी पर छेड़छाड़ और पीछा करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी लंबे समय से महिला को फोन कर परेशान कर रहा था और मना करने के बावजूद उसकी हरकतें जारी रहीं। पुलिस के अनुसार, महिला ने बताया कि उसकी बिल्डिंग में रहने वाला मनोज पुत्र बालकराम साहू उस पर बुरी नजर रखता था। महिला जब अपनी सहेलियों के साथ योगा क्लास जाती थी, तब आरोपी उसका पीछा करता था। वह अलग-अलग मोबाइल नंबरों से बार-बार कॉल कर बात करने का दबाव बनाता था। परेशान होकर महिला ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी कभी अपनी पत्नी के नंबर से तो कभी अन्य नंबरों से कॉल करता रहा। महिला ने बताया कि जब वह अपनी बेटी को स्कूल बस तक छोड़ने जाती थी, तब आरोपी कुत्ता घुमाने के बहाने उसका पीछा करता और अकेले में बात करने की कोशिश करता था, साथ ही अश्लील इशारे करता था। पीड़िता का आरोप है कि जब उसका पति घर पर नहीं होता था, तब आरोपी मेंटेनेंस या अन्य बहाने बनाकर फ्लैट में घुसने की कोशिश करता था। करीब दस दिन पहले आरोपी ने सुबह महिला के घर की डोर बेल बजाई। जब वह बाहर आई तो उसने उसके कपड़ों को लेकर टिप्पणी की और मोबाइल से फोटो ले लिया। महिला ने पुलिस बुलाने की बात कही तो आरोपी ने खुद ही पुलिस बुलाकर झूठे आरोप लगाने की कोशिश की। पीड़िता ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज, कॉल और मैसेज की जानकारी सौंपी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला वहीं भंवरकुआं इलाके में 14 वर्षीय नाबालिग से छेड़छाड़ और पीछा करने का मामला सामने आया है। आरोपी युवक दूध देने के बहाने घर आता था और पहचान का फायदा उठाकर बच्ची को लगातार परेशान कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष कुशवाह निवासी त्रिवेणी नगर घर दूध देने आता था, जिससे बच्ची उसे पहचानती थी। वह बार-बार उससे बात करने की कोशिश करता था, लेकिन मना करने के बावजूद भी नहीं माना। पीड़िता ने बताया कि आरोपी करीब दो महीने से उसका पीछा कर रहा था और बुरी नीयत से परेशान कर रहा था। आरोपी घर के नंबर पर भी लगातार कॉल करने लगा। 24 अप्रैल को उसने अपने मोबाइल से पीड़िता के पिता के नंबर पर कॉल कर बच्ची से बात कराने को कहा, जिससे परिवार परेशान हो गया। इसके बाद पीड़िता अपने पिता के साथ थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।



Source link