मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र में प्रशासन ने दो नाबालिग बहनों का बाल विवाह रुकवा दिया। ग्राम बिगौड़ी में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे बाल विवाह की सूचना मिलने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर दोनों विवाहों को रोका। एसडीएम आरती सिंह के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी नागेंद्र प्रताप तिवारी और ताला थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे। जांच में पता चला कि 15 और 13 वर्ष की दो नाबालिग लड़कियों का विवाह कराया जा रहा था। इस विवाह के लिए बारात जबलपुर से आई थी। अधिकारियों ने मौके पर ही बालिकाओं के माता-पिता को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत होने वाली कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी। समझाइश के बाद परिजनों ने विवाह रोकने पर सहमति व्यक्त की और आश्वासन दिया कि बालिकाओं का विवाह 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले नहीं किया जाएगा। प्रशासन ने मौके पर पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की। साथ ही, परिजनों और ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में प्रशासन की तत्परता और सामाजिक जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश गया है।
Source link