NCL अमलोरी परियोजना के पास जंगल में आग: जीएम कार्यालय से 500 मीटर दूर; प्रबंधन पर उठे सवाल – Singrauli News

NCL अमलोरी परियोजना के पास जंगल में आग:  जीएम कार्यालय से 500 मीटर दूर; प्रबंधन पर उठे सवाल – Singrauli News




सिंगरौली जिले में एनसीएल अमलोरी परियोजना के ठीक पास जंगल में लगी आग ने एक बार फिर प्रबंधन की जिम्मेदारी और तत्परता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना स्थल से महाप्रबंधक (जीएम) का कार्यालय महज करीब 500 मीटर की दूरी पर मौजूद है, बावजूद इसके आग पर समय रहते काबू पाने की कोई ठोस कोशिश नजर नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जंगल में आग धीरे-धीरे विकराल रूप लेती गई। पेड़-पौधे जलते रहे और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग बढ़ती रही, लेकिन मौके पर न तो फायर ब्रिगेड की तत्परता दिखी और न ही एनसीएल प्रबंधन की ओर से कोई तत्काल कार्रवाई की गई। हम लोग डर गए थे एक स्थानीय निवासी विजय सिंह ने बताया कि “हम लोग डर गए थे, आग तेजी से फैल रही थी, लेकिन मदद के लिए कोई नहीं आया। सब कुछ जैसे नजरअंदाज किया गया।” इस घटना के बाद यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या एनसीएल केवल कागजों में ही सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की बात करता है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब जीएम कार्यालय इतनी नजदीक है, तो क्या यह आग प्रबंधन की नजर से ओझल रही या जानबूझकर अनदेखी की गई। फिलहाल इस मामले में एनसीएल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना ने सिस्टम की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।



Source link