आईपीएल के शोर के बीच पसरा सन्नाटा…ऑलराउंडर पर टूटा दुखों का पहाड़

आईपीएल के शोर के बीच पसरा सन्नाटा…ऑलराउंडर पर टूटा दुखों का पहाड़


होमखेलक्रिकेट

आईपीएल के शोर के बीच पसरा सन्नाटा…ऑलराउंडर पर टूटा दुखों का पहाड़

Last Updated:

Azmatullah Omarzai mother die: पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर अजमतुल्लाह ओमरजई के लिए आईपीएल 2026 के बीच एक दुखद खबर सामने आई है. उनकी मां का निधन हो गया है, जिसकी पुष्टि अफगानिस्तान के साथी खिलाड़ियों मोहम्मद नबी और करीम जनत ने सोशल मीडिया पर की. 2.40 करोड़ में रिटेन किए गए 26 वर्षीय ओमरजई इस समय कठिन दौर से गुजर रहे हैं. टूर्नामेंट में शीर्ष पर चल रही पंजाब किंग्स के कैंप में इस खबर से शोक की लहर है और उनके अगले मैच में खेलने पर संशय बना हुआ है.

Zoom

अजमतुल्लाह ओमरजई की मां का हुआ निधन.

नई दिल्ली. क्रिकेट की चकाचौंध और आईपीएल के शोर-शराबे के बीच कभी-कभी ऐसी खबरें आती हैं जो पूरे खेल जगत को खामोश कर देती हैं. पंजाब किंग्स के हरफनमौला खिलाड़ी और अफगानिस्तान के उभरते सितारे अजमतुल्लाह ओमरजई के लिए यह समय बेहद कठिन और हृदयविदारक है. खेल के मैदान पर अपनी गेंदों से बल्लेबाजों को छकाने वाले ओमरजई आज अपनी जिंदगी के सबसे बड़े व्यक्तिगत नुकसान से जूझ रहे हैं.उनकी मां का निधन हो गया है.

अजमतुल्लाह ओमरजई (Azmatullah Omarzai) की मां के निधन की पुष्टि उनके अफगान टीम के साथियों, मोहम्मद नबी और करीम जनत ने सोशल मीडिया के माध्यम से की.जैसे ही यह खबर सामने आई, पूरे क्रिकेट जगत में शोक की लहर दौड़ गई. मोहम्मद नबी ने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘मुझे यह सुनकर गहरा दुख हुआ है कि हमारे राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ी अजमतुल्लाह ओमरजई की सम्मानित माताजी का निधन हो गया है. अल्लाह उनकी आत्मा को जन्नत में सर्वोच्च स्थान दे और पूरे परिवार को धैर्य और शक्ति प्रदान करे.’वहीं करीम जनत ने अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा, ‘हम राष्ट्रीय खिलाड़ी अजमतुल्लाह ओमरजई की माता के निधन से दुखी हैं. हम इस बड़े दुख के क्षणों में उनके साथ हैं. इन संदेशों ने यह साफ कर दिया कि ओमरजई के लिए यह घड़ी कितनी भारी है.

अजमतुल्लाह ओमरजई की मां का हुआ निधन.

आईपीएल 2026 के बीच टूटा दुखों का पहाड़
26 वर्षीय ओमरजई इस समय आईपीएल 2026 के लिए भारत में अपनी टीम पंजाब किंग्स के साथ हैं. हालांकि इस सीजन में उन्हें अब तक किसी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला है, लेकिन वह टीम की रणनीतियों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं. मां के निधन की खबर मिलने के बाद पूरी फ्रेंचाइजी में सन्नाटा पसरा है. पंजाब किंग्स का अगला मुकाबला मंगलवार, 28 अप्रैल को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होना है. अभी तक फ्रेंचाइजी की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, और यह भी स्पष्ट नहीं है कि ओमरजई इस मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे या अपने परिवार के पास वापस लौटेंगे.

अजमतुल्लाह ओमरजई के आंकड़े
अजमतुल्लाह ओमरजई ने बहुत कम समय में अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी से दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. पंजाब किंग्स ने उनके कौशल पर भरोसा जताते हुए उन्हें 2.40 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था. अगर उनके आईपीएल सफर पर नजर डालें, तो उन्होंने अब तक कुल 16 मैच खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 12.37 की औसत से 99 रन बनाए हैं और अपनी मध्यम तेज गति की गेंदबाजी से 12 विकेट चटकाए हैं. साल 2024 में गुजरात टाइटंस के लिए डेब्यू करने के बाद ओमरजई पंजाब किंग्स का हिस्सा बने. 2025 के सीजन में उन्होंने 9 मैचों में 8 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की थी, जिसके बाद पंजाब ने उन्हें इस सीजन के लिए भी रिटेन किया.

पंजाब किंग्स का शानदार सफर और यह मुश्किल मोड़
पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल 2026 का सीजन अब तक किसी सपने जैसा रहा है. टीम अंक तालिका में शीर्ष पर काबिज है, जहां उन्होंने अपने 7 मैचों में से 6 में जीत दर्ज की है. कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ उनका एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी फॉर्म शानदार रही है. टीम जहां एक तरफ प्लेऑफ की ओर मजबूती से कदम बढ़ा रही है, वहीं कैंप के अंदर अपने एक महत्वपूर्ण सदस्य के परिवार में आई इस त्रासदी ने माहौल को गमगीन कर दिया है. ओमरजई जैसे खिलाड़ी जो अपनी मेहनत और जज्बे के लिए जाने जाते हैं, उनके लिए अपनी मां को खोना एक ऐसा शून्य है जिसे कभी भरा नहीं जा सकता.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें



Source link