बालाघाट जिले में बाघ के शिकार का गंभीर मामला सामने आया है। शिकारियों ने बाघ को मारने के बाद उसके दांत उखाड़ लिए और उन्हें कुएं में फेंक दिया। वन विभाग ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
घटना पूर्व बैहर परिक्षेत्र के जत्ता बीट की है, जहां वन विभाग को बाघ का शव मिला था। पोस्टमार्टम में पता चला कि बाघ के चारों बड़े दांत गायब थे। इसके बाद मामला संदिग्ध हो गया और जांच शुरू की गई। कुएं से मिले बाघ के दांत
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच की गई। इसी दौरान गांव के एक कुएं से बाघ के दांत बरामद हुए। शिकारियों ने दांतों को कपड़े में लपेटकर पत्थर बांधकर कुएं में फेंक दिया था। तीन आरोपी गिरफ्तार
वन विभाग ने इस मामले में जत्ता निवासी अशोक उईके, भुनेश तेकाम और सालिकराम को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बाघ की मौत का सही कारण जानने के लिए नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। इस कार्रवाई में वन विभाग की टीम ने अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों और वनरक्षकों ने मिलकर पूरे मामले का खुलासा किया।
Source link