Last Updated:
खंडवा के घंटाघर इलाके में गजब ड्रामा देखने को मिला. नो पार्किंग में खड़ी कार पर जब ट्रैफिक पुलिस ने व्हील लॉक लगाया, तो मालिक ने हार नहीं मानी. उसने लॉक खोलने के बजाय पूरा पहिया ही बदल डाला और लॉक वाला टायर डिक्की में भर लिया. इसके बाद…
खंडवा में नो पार्किंग में हंगामा.
Khandwa News: खंडवा के घंटाघर क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक कार मालिक और ट्रैफिक पुलिस के बीच सड़क पर संग्राम शुरू हो गया. मामला ‘नो पार्किंग’ का था, लेकिन जो हुआ उसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. जानकारी के मुताबिक, खरगोन के झिरन्या क्षेत्र का रहने वाला राजकुमार अपनी कार लेकर घंटाघर पहुंचा था. उसने अपनी गाड़ी नो पार्किंग जोन में खड़ी की और शॉपिंग करने चला गया. इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस की टीम वहां गश्त पर थी. नियम का उल्लंघन देख पुलिस ने कार के पहिए में ‘व्हील लॉक’ लगा दिया.
लॉक लगा टायर ही खोल दिया
जब राजकुमार शॉपिंग करके वापस लौटा, तो कार में लॉक लगा देख उसका पारा चढ़ गया. आमतौर पर लोग ऐसी स्थिति में पुलिस से बात करते हैं या जुर्माना भरते हैं. लेकिन, राजकुमार ने अलग ही रास्ता चुना. उसने काफी देर तक मशक्कत की और लॉक लगा हुआ पूरा पहिया ही गाड़ी से अलग कर दिया. उसने उस लॉक लगे पहिए को कार की डिक्की में रख दिया और स्टेपनी से दूसरा टायर निकालकर कार में फिट कर दिया.
तब बढ़ गया विवाद
तभी वहां ट्रैफिककर्मी गजेंद्र सिंह पहुंच गए. पुलिस को देखते ही राजकुमार बहस करने लगा. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मौके पर दूसरे पुलिसकर्मी भी पहुंच गए. घंटाघर जैसे व्यस्त इलाके में हंगामा खड़ा हो गया. गुस्से में आकर राजकुमार ने सड़क से पत्थर तक उठा लिया.
ऑनलाइन चालान दूंगा…
विवाद के दौरान राजकुमार की एक ही जिद थी. उसका कहना था कि वह ऑफलाइन चालान नहीं भरेगा. वह बार-बार ऑनलाइन चालान काटने की बात पर अड़ा रहा. काफी देर तक वहां अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हर कोई यह देखकर हैरान था कि शख्स ने लॉक खोलने के बजाय पहिया ही बदल दिया.
अंत में पुलिस और शख्स के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मामला शांत हुआ. पुलिस ने राजकुमार का 500 रुपये का चालान काटा, जिसके बाद वह वहां से रवाना हुआ.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें