सीहोर जिले के इछावर क्षेत्र स्थित ग्राम कालापीपल जागीर में 26 अप्रैल की शाम पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जानलेवा विवाद हो गया। खेत पर मोटर चालू करने गए एक युवक के साथ गांव के ही कुछ लोगों ने मारपीट की और जब उसका परिवार बीच-बचाव करने पहुंचा, तो आरोपियों ने चाकू और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में एक ही परिवार के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सीहोर रेफर किया गया है। वर्तमान में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर 4 नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। खेत पर मोटर चालू करने गए भाई को पीटा पीड़ित नेपाल द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार, घटना 26 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे की है। नेपाल अपने घर पर था, तभी उसका बड़ा भाई अनूप वर्मा बदहवास हालत में दौड़ता हुआ घर आया। अनूप ने बताया कि जब वह खेत पर मोटर चालू करने गया था, तब गांव के ही मनोज और अनार सिंह ने पुराने जमीनी विवाद को लेकर उसे गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। बचाने आए परिवार पर चाकू-लाठियों से हमला, बाइक में तोड़फोड़ भाई अनूप की बात सुनकर नेपाल और परिवार के अन्य सदस्य (कैलाश और चंदर) घर के बाहर आए। उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तभी आरोपी मनोज, दुर्गाप्रसाद, सीता बाई और अनार सिंह ने उन पर चाकू और लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में परिवार के कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों के मुताबिक, इसी दौरान हमलावरों ने लाठियां मारकर उनकी एचएफ डीलक्स बाइक में भी भारी तोड़फोड़ की। डायल 112 से अस्पताल पहुंचे घायल, सीहोर रेफर घटना के बाद मौके पर पहुंची डायल 112 की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। यहां घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सीहोर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश व आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link