उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण: मंच से दुर्गा स्तुति, शिव तांडव गाया, सिंहस्थ 2028 का विजन रखा – Ujjain News

उज्जैन विकास प्राधिकरण अध्यक्ष ने किया पदभार ग्रहण:  मंच से दुर्गा स्तुति, शिव तांडव गाया, सिंहस्थ 2028 का विजन रखा – Ujjain News




उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के नवनियुक्त अध्यक्ष रवि सोलंकी ने मंगलवार शाम पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अपने सभी सदस्यों के साथ प्राधिकरण कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाला। इस दौरान भाजपा संगठन के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यालय के बाहर एक भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसे पहली बार किसी अध्यक्ष की नियुक्ति पर सार्वजनिक और बड़े आयोजन के रूप में देखा गया। मंच से नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सोलंकी का जोरदार स्वागत किया। अपने संबोधन में रवि सोलंकी ने भाजपा नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी एक साधारण कार्यकर्ता को भी बड़ी जिम्मेदारी देती है। सोलंकी ने भरोसा दिलाया कि वे टीम भावना के साथ उज्जैन के विकास को नई दिशा देंगे। सिंहस्थ को लेकर रहेगा फोकस उन्होंने विशेष रूप से सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कों और सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। सोलंकी ने बताया कि आगामी समय में उज्जैन में आवासीय योजनाओं, नई सड़कों और गरीब वर्ग के लिए ईडब्ल्यूएस व एलआईजी फ्लैट्स के निर्माण पर काम होगा। इसके साथ ही, उन्होंने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महाकाल मंदिर सहित चिंतामन गणेश, हरसिद्धि, मंगलनाथ जैसे प्रमुख मंदिरों के विकास की बात कही। उनका उद्देश्य है कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु उज्जैन में अधिक समय बिताएं। उन्होंने शहर की धरोहर स्थलों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया। सोलंकी ने अपने संबोधन में दुर्गा स्तुति और शिव तांडव स्तोत्र की पंक्तियां भी गाईं, जिससे उनकी भगवान महाकाल के प्रति आस्था व्यक्त हुई। उन्होंने इन्हीं पंक्तियों के साथ अपना भाषण समाप्त किया।



Source link