Last Updated:
Gwalior News:भितरवार की कृषि उपज मंडी में किसानों का विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया, जिससे हालात बिगड़ गए. हंगामे के दौरान नायब तहसीलदार के साथ मारपीट की घटना सामने आई, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
किसानों ने फोड़ दी नायब तहसीलदार
मध्यप्रदेश के भितरवार स्थित कृषि उपज मंडी में उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई जब बड़ी संख्या में किसान अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे. देखते ही देखते प्रदर्शन उग्र हो गया और करीब एक सैकड़ा से अधिक किसानों ने मंडी परिसर में जोरदार हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार हरनाम सिंह के साथ कुछ प्रदर्शनकारी किसानों ने मारपीट कर दी. इस हमले में तहसीलदार को चोटें आईं.हालात इतने बेकाबू हो गए कि उन्हें अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागना पड़ा.
घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. व्यापारियों और अन्य लोगों में दहशत फैल गई. वहीं कई लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात पर काबू पाया. प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार किसानों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है और उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.
नायब तहसीलदार से मारपीट
फिलहाल मंडी परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति दोबारा न बने. प्रशासन ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की है. उनकी समस्याओं को संवाद के जरिए हल करने का आश्वासन दिया है.इस घटना ने एक बार फिर किसानों और प्रशासन के बीच बढ़ते तनाव को उजागर कर दिया है, जिसे समय रहते सुलझाना बेहद जरूरी हो गया है.