इंदौर के खजराना इलाके में एक रेडियो जॉकी के साथ लूट की वारदात सामने आई है। बदमाश उनका आईफोन छीनकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घटना शिव ओम के साथ हुई, जो एक निजी एफएम चैनल में कार्यरत हैं। शिव ओम ने मंगलवार को पुलिस को आवेदन दिया, जिसमें बताया कि रात में वह अपने घर के पास पैदल टहल रहे थे। इसी दौरान वह मोबाइल पर बात करते हुए पास की दुकान की ओर जा रहे थे। तभी बाइक सवार बदमाश उनके पास से तेज रफ्तार में गुजरा और हाथ से आईफोन झपटकर भाग गया। शिव ओम ने उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। लूट के इरादे से तीन लोगों से मारपीट वहीं एरोड्रम इलाके में लूट के इरादे से तीन लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एरोड्रम पुलिस के मुताबिक, नंदबाग निवासी रविंद्र पुत्र मोहनलाल कुर्मी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। रविंद्र ने बताया कि वह अपने परिचित वीरेंद्र पटेल और कल्लू कुर्मी के साथ स्कीम नंबर-51 से कपड़े लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वे भरोसे मामा के खेत के पास पहुंचे, तभी 3-4 युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया और बाइक की चाबी निकाल ली। इसके बाद एक आरोपी ने कांच की बोतल से कल्लू कुर्मी के सिर पर हमला कर दिया, जबकि दूसरे ने वीरेंद्र पर भी हमला किया। घटना के बाद तीनों घायल अवस्था में थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उनका मेडिकल कराया। फिलहाल पुलिस ने लूट की पुष्टि नहीं की है और मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच की जा रही है।
Source link