गर्मी की छुट्टियां पड़ी भारी, खदान में डूबे दो मासूम: भाई को बचाने गई बहन, दोनों की डूबने से मौत, परवलिया की घटना – Bhopal News

गर्मी की छुट्टियां पड़ी भारी, खदान में डूबे दो मासूम:  भाई को बचाने गई बहन, दोनों की डूबने से मौत, परवलिया की घटना – Bhopal News




परवलिया थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसे में 17 वर्षीय युवराज और 15 वर्षीय मालती की खदान में डूबने से मौत हो गई। दोनों रिश्ते में भाई-बहन (कजिन) थे। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, मूलतः विदिशा जिले के कुआंखेड़ा गांव निवासी युवराज गर्मी की छुट्टियों में एक दिन पहले ही अपनी बुआ के घर दौलतपुर आया था। मंगलवार को वह अपनी बुआ की बेटी मालती के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित एक गहरी खदाननुमा तालाब के पास खेल रहा था। इसी दौरान कीचड़ में पैर फिसलने से युवराज सीधे गहरे पानी में जा गिरा और डूबने लगा। बचाने कूदी बहन और वह भी डूबी
भाई को डूबता देख पास खड़ी मालती बिना देर किए उसे बचाने के लिए पानी में कूद गई। हालांकि उसे तैरना नहीं आता था और खदान में पानी काफी गहरा था, जिससे वह खुद भी संतुलन नहीं बना सकी और डूब गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस खदान में हादसा हुआ, वह असमतल और जगह-जगह गहरी है, जहां पानी का स्तर अचानक बढ़ जाता है। युवराज को तैरना नहीं आता था, जिससे वह गहराई का अंदाजा नहीं लगा सका। युवक ने मचाया शोर घटना को पास में बकरियां चरा रहे बच्चों ने देखा और शोर मचाया। आवाज सुनकर खेत में काम कर रहे परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से दोनों को खदान से बाहर निकाला गया। उस समय तक युवराज की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि मालती की सांसें चल रही थीं। परिजन तत्काल दोनों को हमीदिया अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही मालती ने भी दम तोड़ दिया था। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, युवराज 11वीं कक्षा का छात्र था और छुट्टियां बिताने बुआ के घर आया था। इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। गांव में हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Source link