जबलपुर-दमोह रोड पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक का पीछा कर उसे रोका और पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक सुबह करीब 10 बजे दमोह से जबलपुर की ओर जा रहा ट्रक (एमपी 09 एचएच 3760) पाटन नगर स्थित स्टेट बैंक के पास पहुंचा ही था कि सामने से आ रहे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद युवक ट्रक के पिछले पहिए में फंस गया और करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस की परिवार से नहीं हो पा रही बात पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। उसके पास मिले दस्तावेजों के आधार पर वह सिवनी जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि बाइक (एमपी 49 जेडजी 9251) नरसिंहपुर जिले में रजिस्टर्ड है। प्रारंभिक तौर पर युवक का नाम राम सिंह बताया जा रहा है, हालांकि परिजनों से संपर्क कर पुष्टि करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अब तक कॉल रिसीव नहीं हो सका है। तिराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने से आए दिन होते हैं हादसे स्थानीय लोगों का कहना है कि पाटन के इस तिराहे पर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन चालक तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों ने कई बार प्रशासन से यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है।
Source link