नीमच में ‘नो एंट्री’ नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रांसपोर्ट संचालकों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार शाम यातायात पुलिस ने श्रीनाथ ट्रांसपोर्ट के बाहर अवैध रूप से खड़े दो भारी वाहनों को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और निर्माणाधीन सड़कों के मद्देनजर की गई है। शहर में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों को देखते हुए कलेक्टर ने सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक भारी और कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध (नो एंट्री) लगाया है। इसके बावजूद, शहर के व्यस्त मार्गों पर भारी वाहन बेधड़क चल रहे थे। गांधी वाटिका रोड स्थित सीआरपीएफ मेस के पास संचालित श्रीनाथ ट्रांसपोर्ट पर इन नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का आरोप है। यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुजर ने बताया कि ट्रांसपोर्ट संचालक को नियमों का पालन करने के लिए एक दिन पहले ही लिखित नोटिस देकर आगाह किया गया था। इसके बावजूद, बुधवार को भी ट्रांसपोर्ट के बाहर ट्रक क्रमांक MP 09 GH 4007 और DL 1GC 9618 को खड़ा कर लोडिंग-अनलोडिंग का काम किया जा रहा था। स्थानीय नागरिकों की शिकायतों के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने सड़क घेरकर खड़े इन अवैध वाहनों को तत्काल जब्त कर थाने पहुंचाया। थाना प्रभारी सोनू बड़गुजर ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में शादी-समारोहों और सामाजिक कार्यक्रमों के कारण बाजारों में भारी भीड़ रहती है। ऐसे में व्यस्त मार्गों पर भारी वाहनों का खड़ा होना बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और सुगम यातायात पुलिस की प्राथमिकता है, और नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी ट्रांसपोर्ट संचालक को बख्शा नहीं जाएगा। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Source link