प्रदर्शन के बाद 24 घंटे पाइपलाइन लीकेज किया ठीक: इमली वन में छह महीने से बह रहा था पानी, जनता धरने पर बैठी तो जागा प्रशासन – Dhar News

प्रदर्शन के बाद 24 घंटे पाइपलाइन लीकेज किया ठीक:  इमली वन में छह महीने से बह रहा था पानी, जनता धरने पर बैठी तो जागा प्रशासन – Dhar News




धार शहर के इमली वन क्षेत्र में पिछले छह महीने से लीक हो रही मुख्य पाइपलाइन को जनता के विरोध प्रदर्शन के बाद 24 घंटे के भीतर ठीक कर दिया गया है। इस लीकेज से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा था, जिससे भीषण गर्मी के बीच शहर में पानी की किल्लत और बढ़ रही थी। इमली वन क्षेत्र में पानी की टंकी से जुड़ी यह पाइपलाइन लंबे समय से खराब थी। लीकेज के कारण लगातार पानी पास के एक गंदे नाले में बह रहा था। इससे न केवल पानी की भारी बर्बादी हो रही थी, बल्कि नाले के ठीक बगल में पाइपलाइन फटने से दूषित पानी के सप्लाई लाइन में मिलने का गंभीर खतरा भी बना हुआ था। कई बार शिकायत पर भी नहीं की ठीक
स्थानीय निवासियों ने इस समस्या को लेकर नगर पालिका से कई बार शिकायत की थी, लेकिन उन्हें हर बार केवल आश्वासन ही मिला। समस्या का समाधान न होने से नाराज होकर क्षेत्रवासियों ने विरोध प्रदर्शन का रास्ता अपनाया। मंगलवार को कांग्रेस जिला प्रवक्ता अजय सिंह ठाकुर के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने भीषण गर्मी के बावजूद धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान अजय सिंह ठाकुर ने सीधे नगर पालिका सीएमओ विश्वनाथ सिंह से फोन पर बात की, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। बुधवार को सुधार काम के लिए पहुंची टीम
कुछ ही देर में जल सप्लाई विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और शुरुआत में 4-5 दिनों में सुधार का आश्वासन दिया। हालांकि, जनता के दबाव के कारण नगर पालिका को तुरंत कार्रवाई करनी पड़ी। बुधवार को ही पाइपलाइन को जोड़कर लीकेज को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी भी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते समस्या का समाधान किया जाता, तो लाखों लीटर पानी की बर्बादी और दूषित जल सप्लाई के खतरे को टाला जा सकता था।



Source link