सीहोर के बुधनी स्थित देवगांव के पास नेशनल हाईवे पर एक चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली में भीषण आग लग गई। ट्रॉली में धान की पराली भरी हुई थी, जो अज्ञात कारणों से धू-धू कर जलने लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी ट्रॉली जलकर खाक हो गई। आग का अहसास होते ही ड्राइवर ने चलती ट्रैक्टर-ट्रॉली से छलांग लगाकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना से हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और राहगीरों में हड़कंप मच गया। ओवरलोड ट्रॉलियों के कारण हो रहे हादसें बुधनी और आसपास के इलाकों में इन दिनों धान की कटाई के बाद पराली का परिवहन बड़े पैमाने पर हो रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रॉलियों में क्षमता से अधिक पराली भरी जा रही है, जिससे उनकी ऊंचाई काफी बढ़ जाती है। इस ओवरलोडिंग के कारण सड़कों के ऊपर से गुजरने वाले बिजली के तारों से घर्षण या शॉर्ट सर्किट का खतरा बना रहता है। साथ ही, पराली को तिरपाल से ढका नहीं जाता और न ही अग्नि सुरक्षा के कोई इंतजाम किए जाते हैं। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि इन ओवरलोड ट्रॉलियों पर समय रहते लगाम नहीं कसी गई, तो भविष्य में ऐसी घटनाएं बड़े नुकसान का कारण बन सकती हैं। आग लगने का सही कारण फिलहाल अज्ञात है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link